मां के खाते से निकले 80 लाख रुपये, बेटी और दामाद पर धोखाधड़ी का आरोप

इंदौर में एक बुजुर्ग महिला की शिकायत पर उनकी बेटी-दामाद के खिलाफ करीब 80 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. आजाद नगर पुलिस ने केस दर्ज कर बैंक लेन-देन, दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: इंदौर में एक बुजुर्ग महिला की शिकायत पर उनकी बेटी-दामाद के खिलाफ करीब 80 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. आजाद नगर पुलिस ने केस दर्ज कर बैंक लेन-देन, दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है.

मध्य प्रदेश के इंदौर से परिवार के भीतर आर्थिक विवाद का एक मामला सामने आया है. यहां एक बुजुर्ग महिला की शिकायत पर उनकी बेटी और दामाद के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई जिला न्यायालय के आदेश के बाद की गई है. फिलहाल आजाद नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के अनुसार, शिकायत करने वाली महिला के पति बिजली वितरण कंपनी में कार्यरत थे. नौकरी के दौरान उनका निधन हो गया था. इसके बाद विभाग की ओर से परिवार को करीब 80 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और अन्य देय राशि मिली थी. महिला का आरोप है कि उनकी बेटी ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना बैंक खाते से पूरी रकम निकाल ली.

36 लाख रुपए लौटाए, बाकी रकम नहीं दी
महिला का कहना है कि जब उन्हें इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने बेटी से पैसे वापस मांगे. इसके बाद बेटी ने करीब 36 लाख रुपए लौटा दिए, लेकिन बाकी रकम लौटाने में लगातार टालमटोल करती रही. महिला का आरोप है कि कई बार बातचीत और समझाने के बावजूद न तो पूरी राशि वापस की गई और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया गया.

कोर्ट पहुंचा मामला, पुलिस को मिले कार्रवाई के आदेश
जब परिवार के स्तर पर मामला नहीं सुलझा तो बुजुर्ग महिला ने जिला न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. उन्होंने अदालत में परिवाद दायर कर बेटी और दामाद के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की. मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने पुलिस को कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस
कोर्ट के आदेश के पालन में आजाद नगर थाना पुलिस ने बेटी और दामाद के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. बैंक खातों के लेन-देन, दस्तावेजों व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच कर मामले की सच्चाई जानने में जुटी हुई है.

Related Articles

Back to top button