Imran Khan ने तलाक के बाद पहली बार तोड़ी चुप्पी, बेटी की देखभाल अकेले ही कर रहे

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर ख़ान का नाम तो लगातार ही मीडिया सुर्खियों का हिस्सा बना रहता है। तो, उनके साथ-साथ उनके परिवार और उनसे जुड़े लोग भी खबरों में आ ही जाते हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर ख़ान का नाम तो लगातार ही मीडिया सुर्खियों का हिस्सा बना रहता है। तो, उनके साथ-साथ उनके परिवार और उनसे जुड़े लोग भी खबरों में आ ही जाते हैं। जहां अभी कुछ समय पहले एक्टर की पहली शादी से हुई बेटी आयरा ख़ान के बढ़ते वज़न को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें खूब ट्रोल किया गया था।

वहीं, दूसरी तरह, 60 साल के आमिर के भांजे और बॉलीवुड एक्टर इमरान ख़ान ने ये खुलासा भी किया था कि उनके मामा को ‘सत्यमेव जयते’ शो के दौरान जान से मारने की धमकी मिली थी और उनके देश छोड़ने की नौबत तक आ गई थी। तो अब, इसी बीच इमरान ख़ान अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से चर्चा में आ गए हैं। आख़िर, 43 साल के हो चुके आमिर के भांजे ने पहली बार अपने और एक्स वाइफ अवंतिका मलिक के तलाक पर चुप्पी जो तोड़ी है। साथ ही साथ, उन्होंने एक ऐसा खुलासा भी कर दिया है..जिसे सुनकर उनके फैन्स के साथ-साथ आम लोग भी हैरान हो रहे हैं।

अब जैसा कि सभी जानते हैं कि, इस समय इमरान मॉडल लेखा वाशिंगटन को डेट कर रहे हैं। दोनों एक-दूसरे के साथ हैप्पी रिलेशनशिप में हैं। हालांकि, ये बात भी जगजाहिर है कि, इमरान का इससे पहले भी एक रिश्ता रहा है। अपनी कॉलेज टाइम गर्लफ्रेंड अवंतिका मलिक के साथ उन्होंने अपना घर बसाया था। कुछ समय तक दोनों के बीच सब कुछ ठीक भी रहा..दोनों की एक प्यारी सी बेटी भी हुई। लेकिन फिर चीजें इस कदर खराब हुईं कि इमरान और अवंतिका ने अपनी शादी को हमेशा के लिए ख़त्म करने का फैसला कर लिया और इस खूबसूरत कपल का तलाक हो गया। दोनों के अलगाव को लेकर कई तरह की वजह मीडिया में सामने आईं। हालांकि, कभी कुछ भी साफ़ तौर से पता नहीं चला।

ऐसे में, अब पहली बार इमरान खान ने अपने सेपरेशन को लेकर जमाने के आगे बात की है। साथ ही, उन्होंने बेटी को अकेले पालने में आ रही मुश्किलों का भी जिक्र किया है। दरअसल, आमिर खान के भांजे और एक्टर इमरान खान करीब 11 साल से एक्टिंग से दूर थे और हाल ही उन्होंने फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ में एक कैमियो से कमबैक किया है। इसी सिलसिले में वो एक बातचीत का भी हिस्सा बने। और, इस दौरान उन्होंने कई बातों का खुलासा किया।

सबसे पहले इमरान ने तलाक के बारे में बात करते हुए बताया- ‘मेरे तलाक से काफी पहले, लगभग 2016 में मुझे एहसास हुआ कि कुछ गड़बड़ है। मैं खुद को लेकर वैसा महसूस नहीं कर रहा था जैसा मैंने अपने मन में सोचा था। मैं डर और चिंता की वजह से दुनिया से बात कर रहा था। मन ही मन मैं खुद को शांत समझता था, लेकिन अंदर से मैं पूरी तरह टूट चुका था। जब मैंने यह देखा, तो एहसास हुआ कि मैं जो इमेज लेकर चल रहा हूं, वो रियल है ही नहीं, और मैं उसे बदलना चाहता था। हमारा रिश्ता बहुत कम उम्र में शुरू हुआ था, और हमारे पास इतना एक्सपीरियंस नहीं था कि हम यह समझ सके कि किसी रिश्ते में क्या अच्छा है और क्या बुरा? जब मुझे थोड़ी और समझ आने लगी तो पाया कि हम एक ऐसे चक्र में फंस गए थे जिसे हम तोड़ नहीं सकते थे। किसी भी बदलाव के लिए हम दोनों की कोशिश जरूरी थी, और ऐसा हो नहीं रहा था। मैं समझ गया कि अपने सबसे हेल्दी और बेस्ट वर्जन में आने के लिए मुझे इस रिश्ते से बाहर निकलना होगा।’

बातचीत में इमरान खान ने फिर सिंगल पैरेंट होने पर बात की। बतौर सिंगल पैरेंट उन्हें सात साल हो चुके हैं, पर एक्टर ने बेटी के लिए कभी कोई स्टाफ हायर नहीं किया। जितना हो पाता है, वह बेटी के साथ वक्त बिताते हैं। इमरान की बेटी का नाम इमारा है और वह उनके साथ गुरुवार से लेकर रविवार तक साथ रहती है। इमरान ने बताया कि जब से इमारा उनके साथ है, तब से उन्होंने उसके लिए कोई नैनी या स्टाफ नौकरी पर नहीं रखा। वह खुद ही उसे स्कूल छोड़ने जाते हैं, और वो नहीं चाहते कि कोई और उसे स्कूल ले जाए या फिर सुलाए। इमरान ने कहा कि वह बेटी इमारा के साथ जितना हो सके, वक्त बिताना चाहते हैं। और उस वक्त के लिए वह इतने लालची हैं कि किसी और को नहीं दे सकते।

इमरान की बातों से साफ़ हो गया कि अपनी बेटी के लिए वो कुक से लेकर ड्राइवर तक बन गए हैं। वो उसके लिए खाना बनाने से लेकर बर्तन तक साफ़ करते हैं। और, देखा जाये तो एक पिता का प्यार कुछ इसी तरह का होता है। हां, वो बात अलग है कि उनके इस खुलासे से आम लोग जरूर हैरान हो रहे हैं। वो इसे लेकर तरह-तरह के रिएक्शंस सोशल मीडिया पर जाहिर कर रहे हैं।

बात इमरान खान की हुई है तो एक्टर का जन्म 13 जनवरी 1983 को अमेरिका के मैडिसन, विस्कॉन्सिन में हुआ। उनका पूरा नाम इमरान पलक़न खान है। इमरान का ताल्लुक़ फ़िल्मी परिवार से है। वो मशहूर डायरेक्टर रहे नासिर हुसैन के नाती और सुपरस्टार आमिर ख़ान के भांजे हैं। भले ही उनका जन्म अमेरिका में हुआ, लेकिन उनका बचपन भारत में बीता। माता-पिता के अलग होने के बाद इमरान ने अपनी मां के साथ भारत में रहना शुरू किया। हालांकि उनका बचपन भी आसान नहीं था। उन्होंने कई इंटरव्यूज़ में बताया है कि वह एक इंट्रोवर्ट किड थे, जिन्हें स्कूल में घुलने-मिलने में दिक़्क़त होती थी। इमरान ने मुंबई के बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल में पढ़ाई की और बाद में कुछ समय के लिए अमेरिका जाकर फ़िल्म मेकिंग और एक्टिंग से जुड़ी पढ़ाई भी की। बचपन से ही उन्हें कैमरे और सेट का माहौल देखा-भाला था, लेकिन उन्होंने कभी ज़बरदस्ती फ़िल्मों में आने का सपना नहीं देखा।

तो, बहुत कम लोग जानते हैं कि इमरान ख़ान ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट भी काम किया है। उन्होंने अपने मामा आमिर ख़ान की फ़िल्मों “क़यामत से क़यामत तक” (1988) और “जो जीता वही सिकंदर” (1992) में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में काम किया था। फिर, साल 2008 में इमरान ने बतौर लीड एक्टर बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री की फ़िल्म “जाने तू… या जाने ना” से। इस फ़िल्म ने उन्हें रातों-रात यूथ आइकन बना दिया। उनकी फ्रेश अपील, नैचुरल एक्टिंग और एक्ट्रेस जेनेलिया डिसूज़ा के साथ उनकी केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

“जाने तू… या जाने ना” की सक्सेस के बाद इमरान ख़ान को कई बड़े बैनर्स की फ़िल्में मिलीं। उन्होंने रोमांटिक, कॉमेडी और हल्की-फुल्की सोशल फ़िल्मों में काम किया। जिनमें, ‘किडनैप’, ‘लक’, ‘आई हेट लव स्टोरीज़’, ‘ब्रेक के बाद’, ‘डेढ़ इश्क़िया’ और ‘कट्टी बट्टी’ शामिल हैं। हालांकि, उनकी कुछ फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर नहीं चलीं, लेकिन इमरान की इमेज हमेशा एक सॉफ्ट, सेंसिटिव और अर्बन हीरो की बनी रही।

वह उस दौर के टिपिकल “मसाला हीरो” नहीं थे, और शायद यही बात उनके करियर के लिए चुनौती भी बन गई। धीरे-धीरे उन्होंने फ़िल्मों से दूरी बनानी शुरू कर दी और 2015 के बाद एक्टिंग से ब्रेक ले लिया। प्रोफेशनल लाइफ के अलावा इमरान ख़ान की पर्सनल लाइफ़ भी हमेशा चर्चा में रही। उन्होंने साल 2011 में अपनी लॉन्ग-टर्म गर्लफ्रेंड अवंतिका मलिक से शादी की थी। दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते थे और उनकी लव स्टोरी को बॉलीवुड की सबसे प्यारी लव स्टोरीज में गिना जाता था। साल 2014 में दोनों के घर एक बेटी ने जन्म लिया, जिसका नाम है इमारा मलिक ख़ान। लेकिन समय के साथ इनके रिश्ते में दरार आने लगी। फिर, साल 2019 में इमरान और अवंतिका अलग हो गए और उनका तलाक़ हो गया।

इस दौर में इमरान काफ़ी इमोशनल स्ट्रगल से गुज़रे। वो डिप्रेशन तक में आ गए। वहीं, उनका नाम कुछ हसीनाओं से भी जोड़ा गया, लेकिन इमरान ने हमेशा अपनी पर्सनल लाइफ़ को प्राइवेट ही रखा। दूसरी तरफ, एक थ्रोबैक इंटरव्यू में अवंतिका ने तलाक पर कहा था कि उन्हें लगता था कि वह इमरान के बिना एक भी दिन नहीं जी पाएंगी और मर जाएंगी। उनका जिस दिन तलाक हुआ, तो वो इतना रोई थीं कि लगा जैसे परिवार में किसी की मौत हो गई हो। वह बुरी तरह टूट गई थीं। इमरान की संपत्ति की बात करें तो, रिपोर्ट्स के मुताबिक़ उनकी नेटवर्थ लगभग 20–25 मिलियन डॉलर (करीब 160–200 करोड़ रुपये) के आसपास है। उनकी कमाई फ़िल्मों की फीस, ब्रांड एंडोर्समेंट्स, फ़ैमिली प्रॉपर्टी, इन्वेस्टमेंट प्रोडक्शन और राइटिंग से जुड़े प्रोजेक्ट्स से होती है।

बहरहाल, आज इमरान ख़ान लाइमलाइट से दूर हैं, लेकिन पूरी तरह ग़ायब नहीं हुए हैं। वो कभी-कभी सोशल मीडिया या इंटरव्यूज़ में नज़र आते हैं और मेंटल हेल्थ, रिलेशनशिप्स और फ़िल्म इंडस्ट्री की सच्चाइयों पर खुलकर बात करते नज़र आते हैं।

Related Articles

Back to top button