भारत की इन जगहों पर ठंड की एंट्री नहीं!

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
सर्दियों में कडक़ड़ाती ठंड और बर्फीली वादियों से दूर अगर सुनहरी धूप और कुछ गर्माहट का अहसास चाहते हैं तो भी भारत में कई विकल्प हैं। देश में कई ऐसे स्थान हैं जहां जनवरी- फरवरी की सर्दी में धूप और गर्माहट को महसूस किया जा सकता है। ठंड की कंपकंपाती हवाओं से घबराकर रज़ाई में दुबके रहने की बजाय क्यों न इस बार ऐसी जगह चला जाए जहां जनवरी- फरवरी में भी धूप आपके कंधों को प्यार से सहलाती रहे? भारत में कुछ स्थान ऐसे हैं जो सर्दियों में भी गर्माहट से भरे रहते हैं। यहां न तो कोहरा दिखता है और न ही ठंडी हवाएं कपकपाने को मजबूर करती है, बस सुनहरी धूप और छुट्टियों का पूरा मजा मिलता है।
गोवा
सर्दियों की छुट्टी में गोवा जा सकते हैं। यहां समुद्र किनारे बैठकर सनबाथिंग का सबसे खूबसूरत अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। दिसंबर-जनवरी में गोवा का तापमान हल्का गर्म रहता है। सर्दी समुद्री तट पर बीच पार्टी के जोश, लहरों में नहाने और मस्ती करने के बीच का रोडा नहीं बनती है। यहां कैंडोलिम, बागा, कोलवा बीच घूमने जा सकते हैं। इस दौरान वॉटर स्पोर्ट्स और क्रूज नाइट का लुत्फ उठा सकते हैं। सामान्यत: सर्दियों में भी यहां का तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस रहता है।
जयपुर
धूप का सौंदर्य और राजस्थानी रॉयल्टी एक साथ अनुभव प्राप्त करने के लिए जयपुर जा सकते हैं। सर्दियों में हल्की-हल्की धूप में जयपुर के किले और हवेलियों का रोमांस कुछ और ही है। यहां ठंड तो होती है पर इतनी नहीं कि सैर में बाधा आए। जयपुर में आप आमेर फोर्ट, हवा महल, सिटी पैलेस और चौखी ढाणी घूमने जा सकते हैं।
अंडमान-निकोबार
सर्दियों में सबसे ट्रॉपिकल अनुभव के लिए अंडमान-निकोबार की यात्रा पर जा सकते हैं। यहां सर्दी में भी समुद्र के पानी में पैर डालकर घंटों बैठा जा सकता है। अंडमान-निकोबार में सर्दी सिर्फ कैलेंडर में मिलती है, मौसम में नहीं। अगर यहां आएं तो हैवलॉक बीच, जेल म्यूजिय़म, और ग्लास-बोट राइड का लुत्फ उठाएं।
लक्षद्वीप
यह सूरज की गोद में बसी नीली दुनिया है, जहां कोई भी मौसम या महीना हो ठंड को एंट्री ही नहीं मिलती। सर्दियों में भी पानी गर्म, आसमान साफ और कोरल वर्ल्ड अपनी खूबसूरती पर होता है। लक्षद्वीप में आप स्नॉर्कलिंग, स्कूबा, मिनिकॉय और कवरत्ती भ्रमण के लिए जा सकते हैं।



