सोनीपत NH-44 पर तेज रफ्तार ट्रक का कहर, खड़ी कार को 100 मीटर तक घसीटा; दो सगी बहनों की मौत

सोनीपत। सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक ने कार को करीब 100 मीटर तक घसीट लिया, जिससे भीषण हादसा हो गया। हादसे में दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मनदीप कौर और मनप्रीत कौर नामक दो सगी बहनों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक परिवार बेटे के जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए रिश्तेदारों के साथ आया था। हादसा गोल्डन हट ढाबे के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार, कार सड़क किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।
ट्रक चालक हादसे के बाद ट्रक छोड़कर फरार हो गया। राई थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले में मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बर्थडे सेलिब्रेट करने जा रहे थे 6 लोग
शुरुआती जांच में पता चला कि महिंद्रा टीयूवी 300 कर में 6 लोग दिल्ली से मुरथल पार्टी करने के लिए आ रहे थे। एक बच्चे का जन्मदिन था, उसी को सेलिब्रेट करने के लिए आ रहे थे। दिल्ली से मुरथल जाते वक्त राई में गोल्डन हट ढाबे के पास सर्विस लेन पर थोड़ी देर के लिए रुके तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी और 100 मीटर तक घसीटते ले गया।
इस हादसे में बच्चों की मां और बच्चे की मौसी की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनका इलाज चल रहा है।
हादसे में मरने वालों का पता
इस दर्दनाक हादसे में पोस्ट ऑफिस शाड्डा, अमृतसर, पंजाब निवासी मनप्रीत (38 वर्ष) पत्नी कुलदीप सिंह की मौत हुई है। इसके अलावा शाह पुरा तिलक नगर, पश्चिमी दिल्ली निवासी मनदीप कौर (24 वर्ष) पत्नी राज वर्मा की भी मौत हो गई है।



