आरसीबी लगातार दूसरी बार चैंपियन

  • वाशिंगटन सुंदर की अर्धशतकीय पारी पर भारी पड़े विराट के नाबाद 75 रन

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अहमदाबाद। आरसीबी ने गुजरात को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले टीम ने 2025 में पंजाब किंग्स को हराकर अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। रविवार को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करनते हुए वाशिंगटन सुंदर की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन बनाए। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत संतुलित रही।
आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट खोकर 161 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। आरसीबी के लिए कोहली ने नाबाद 75 रन बनाये। आरसीबी ने 2025 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीतकर 18 साल के इंतजार को खत्म किया था। इसके बाद 2026 में लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर टीम ने अपनी बादशाहत कायम रखी। आरसीबी ने आईपीएल इतिहास में कुल पांचवीं बार फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले टीम 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल खेल चुकी थी। हालांकि 2009, 2011 और 2016 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। बता दें वेंकटेश और कोहली ने गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। और अर्धशतकीय साझेदारी की, लेकिन इसके बाद एक समय आरसीबी ने 91 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे और लग रहा था कि यहां से गुजरात मैच फंसा सकती है, लेकिन सामने कोहली खड़े थे और उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों का बेहतरीन तरीके से सामना किया।

वैभव सूर्यवंशी के नाम रही ऑरेंज कैप

अहमदाबाद। आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा अगर किसी चेहरे पर ध्यान केंद्रित रहा तो वह राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। 15 साल की उम्र में वैभव ने अपने खेल से दुनियाभर के दिग्गज खिलाडिय़ों को प्रभावित किया है। वहीं ऑरेंज कैप की दौड़ में वैभव सबसे आगे रहे। फाइनल से पहले गुजरात के कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन दौड़ में बने गुए थे, लेकिन खिताबी मुकाबले में दोनों ही बल्लेबाज सस्ते में आउट हुए और वैभव को इस दौड़ में पीछे नहीं छोड़ सके। 15 साल के वैभव ने इस सीजन दमदार बल्लेबाजी की और उनके आंकड़े तक कोई बल्लेबाज नहीं पहुंच सका। मौजूदा सीजन में तीन बल्लेबाजों ने 700 से अधिक रन बनाए। वैभव के अलावा गिल और सुदर्शन भी 700 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे। वैभव ने इस सीजन 16 मैचों में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। दूसरे नंबर पर गिल हैं जिन्होंने 16 मैचों में 163.02 के स्ट्राइक रेट से 732 रन बनाए हैं। वहीं, साई सुदर्शन ने 17 मैचों में 157.98 के स्ट्राइक रेट से 722 रन बनाए।

Related Articles

Back to top button