उन्नाव में फिल्मी स्टाइल लूट! दुकानदार की आंखों में मिर्च झोंककर बदमाश हुआ फरार
उन्नाव के छोटे चौराहे पर बाइक सवार बदमाश ने दुकानदार दीपचंद गुप्ता की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर मोबाइल और पर्स लूट लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपी की तलाश के लिए एसपी ने तीन टीमें गठित की हैं।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव शहर के व्यस्त कारोबारी इलाके में सोमवार को हुई एक दुस्साहसिक लूट की घटना ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के छोटे चौराहे पर स्थित एक इलेक्ट्रिकल दुकान के मालिक को निशाना बनाते हुए बाइक सवार बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और मोबाइल फोन तथा पर्स छीनकर मौके से फरार हो गया।
घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी वहां से निकल चुका था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दुकानदार को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार पीड़ित दीपचंद गुप्ता की छोटे चौराहे पर इलेक्ट्रिकल सामान की दुकान है। बताया जा रहा है कि वह अपनी दुकान के बाहर मौजूद थे, तभी बाइक पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा। अचानक आरोपी ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, जिससे वह कुछ समय के लिए असहाय हो गए। इसका फायदा उठाकर बदमाश उनका मोबाइल फोन और पर्स लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। अधिकारियों का मानना है कि सीसीटीवी फुटेज से बदमाश तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
एसपी ने बनाई तीन टीमें
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जेपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया है। इन टीमों को सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
सरेआम हुई इस लूट की घटना के बाद व्यापारियों में नाराजगी और चिंता दोनों देखने को मिल रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। व्यापारियों ने पुलिस से बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई
यह भी पढ़ें: बदायूं में भैंस लूट गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, 25 हजार का इनामी जावेद घायल, लूटी गई भैंस बरामद



