भारतीय टीम में नया स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त

  • अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले बीसीसीआई का बड़ा दांव

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले बड़ा दांव खेला है। बीसीसीआई ने साईराज बहुतुले को भारत की सीनियर पुरुष टीम का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट छह जून से मुल्लांपुर में खेला जाएगा। भारत इस मैच में शुभमन गिल की अगुआई में खेलने उतरेगा। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, बीसीसीआई को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि साईराज बहुतुले को भारतीय क्रिकेट टीम का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है।
भारतीय टीम के साथ उनका पहला दौरा छह जून से मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट होगा। वह टेस्ट मैच के दौरान मानव सुथार और हर्ष दुबे जैसे नए खिलाडिय़ों के साथ काम करेंगे। बहुतुले क्रिकेट करियर के बाद कई टीमों के कोच भी रहे हैं। उन्होंने विदर्भ, केरल, गुजरात और बंगाल के मुख्य कोच की भूमिका निभाई है। इतना ही नहीं बहुतुले आईपीएल की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच भी रह चुके हैं। बहुतुले 2022 में अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के गेंदबाजी कोच रहे हैं और 2024 संस्करण के दौरान भी वह कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे। उन्होंने भारत ए और सीनियर पुरुष टीम में कई मौकों पर विशेषज्ञ गेंदबाजी कोच के तौर पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। बहुतुले 2021 से 2024 तक बीसीसीआई के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के कोचिंग सेटअफ के अहम सदस्य रहे हैं।

न्यूजीलैंड से पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम घोषित

लंदन। न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार से लॉर्ड्स में शुरू होने जा रहे पहले टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने 12 सदस्यीय टीम का एलान किया है, जिसमें अनकैप्ड बल्लेबाज एमिलियो गे और तेज गेंदबाज सोनी बेकर को शामिल किया है। इंग्लैंड बोर्ड ने कहा, डरहम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज एमिलियो गे और हैम्पशायर के तेज गेंदबाज सोनी बेकर, जिन्हें अभी तक टेस्ट कैप नहीं मिली है, इन्हें टीम में शामिल किया गया है। ससेक्स के सीमर ओली रॉबिन्सन फरवरी 2024 के बाद पहली बार इंग्लैंड की टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं। टीम में शामिल नए खिलाड़ी डरहम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज गे और हैम्पशायर के तेज गेंदबाज बेकर हैं, जबकि ससेक्स के ओली रॉबिन्सन फरवरी 2024 के बाद पहली बार टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं। आर्चर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में नहीं खेलेंगे, जो लगातार छह महीने खेलने के बाद फिलहाल ब्रेक पर हैं। आर्चर अभी बारबाडोस में हैं और पहले टेस्ट मैच के बाद ही इंग्लैंड पहुंचेंगे।

Related Articles

Back to top button