सवालों के घेरे में आई ओ जनरल
5 महीने पुराने एसी को बताया 12 साल पुराना

- 4 पीएम एडिटर-इन-चीफ ने भेजा लीगल नोटिस
- 48 घंटे का अल्टीमेटम, वारंटी से बचने के लिए गुमराह करने का आरोप
- उपभोक्ता अधिकारों के उल्लंघन का मामला गरमाया
- जनवरी-2026 में खरीदा गयी एसी फिर कंपनी ने उसे 2014 का कैसे बता दिया?
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई। दुनिया नामीगिरामी एयर कंडीशनर निर्माता कंपनी ओ जनरल एक बड़े विवाद में घिरती नजर आ रही है। देश के प्रतिष्ठिïत चैनल 4 पीएम के एडिटर-इन-चीफ संजय शर्मा ने कंपनी को कानूनी नोटिस भेजते हुए आरोप लगाया है कि वारंटी अवधि के भीतर खरीदे गए एयर कंडीशनर की सर्विस देने से बचने के लिए कंपनी के प्रतिनिधियों ने भ्रामक और गलत जानकारी दी। कानूनी नोटिस के अनुसार, संजय शर्मा ने 29 जनवरी 2026 को मुंबई स्थित अधिकृत विक्रेता से ओ जनरल एयर कंडीशनर खरीदा था।
कंपनी द्वारा उत्पाद पर 5 वर्ष की वारंटी प्रदान की गई थी। लेकिन मई 2026 में मशीन में तकनीकी खराबी आने के बाद दर्ज कराई गई शिकायतों के बावजूद कोई तकनीशियन निरीक्षण या मरम्मत के लिए नहीं पहुंचा। कानूनी नोटिस में कहा गया है कि यदि वारंटी अवधि में सेवा उपलब्ध नहीं कराई जाती है और उपभोक्ता को गलत जानकारी देकर टालने का प्रयास किया जाता है, तो यह उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार की श्रेणी में आ सकता है। नोटिस में कंपनी को 48 घंटे के भीतर शिकायत का समाधान करने, एयर कंडीशनर की मरम्मत सुनिश्चित करने तथा कथित लापरवाही पर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। अन्यथा उपभोक्ता मंच, संबंधित सरकारी प्राधिकरणों और सक्षम न्यायिक मंचों के समक्ष मामला उठाने की चेतावनी दी गई है।
दो शिकायतें दर्ज, फिर भी नहीं मिली सर्विस
नोटिस में दावा किया गया है कि 28 मई और 29 मई को कंपनी के कस्टमर केयर विभाग में शिकायतें दर्ज कराई गईं। शिकायत संख्या एमयूएम 12805260029 और एमयूएम 129052600014 जारी होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। आरोप है कि कई दिनों तक कोई तकनीकी सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई, जबकि उस समय मुंबई सहित देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव जैसी परिस्थितियां बनी हुई थीं।
सबसे बड़ा सवाल-2026 में खरीदा एसी को कंपनी ने बताया 2014 का?
मामले ने तब नया मोड़ ले लिया जब कथित रूप से कंपनी के प्रतिनिधियों ने यह कहकर सेवा देने से इंकार किया कि एयर कंडीशनर वर्ष 2014 में खरीदा गया था और उसकी वारंटी समाप्त हो चुकी है। संजय शर्मा का कहना है कि उनके पास जनवरी 2026 की खरीद से संबंधित सभी वैध बिल और दस्तावेज मौजूद हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि यदि उत्पाद हाल ही में खरीदा गया था तो उसे 2014 का बताने का आधार क्या था?
ओ जनरल के जवाब का इंतजार
मामला केवल एक एयर कंडीशनर की मरम्मत तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि वारंटी, ग्राहक सेवा और उपभोक्ता अधिकारों के पालन को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े कर रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि ओ जनरल इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देता है और उपभोक्ता की शिकायत का समाधान किस प्रकार करता है।



