ड्रमंडगंज घाटी में टला बड़ा हादसा, सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरने से बचा गिट्टी लदा ट्रक
मिर्ज़ापुर के ड्रमंडगंज घाटी में ब्रेक फेल होने से गिट्टी लदा ट्रक अनियंत्रित होकर मिट्टी और पत्थरों के ढेर से टकरा गया। चालक सुरक्षित बचा, जेसीबी की मदद से ट्रक को बाहर निकाला गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: मिर्ज़ापुर के ड्रमंडगंज घाटी में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिट्टी से लदा एक ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित हो गया। राहत की बात यह रही कि पुलिस की ओर से सुरक्षा के लिए लगाए गए मिट्टी और पत्थरों के ढेर ने ट्रक को खाई में गिरने से रोक लिया। इस घटना में चालक सुरक्षित बच गया।
ब्रेक फेल होते ही बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सुरक्षा ढेर से टकराया ट्रक
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के मैहर से गिट्टी लेकर देवरिया जा रहा ट्रक शनिवार भोर में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र स्थित बड़का मोड़ घुमान के पास पहुंचा। इसी दौरान ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। तेज रफ्तार ट्रक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए पुलिस द्वारा दुर्घटना रोकने के लिए बनाए गए मिट्टी और पत्थरों के ढेर से जा टकराया। ट्रक वहीं फंस गया, जिससे वह सैकड़ों फीट गहरी घाटी में गिरने से बच गया।
चालक सुरक्षित, जेसीबी की मदद से निकाला गया ट्रक
हादसे में 30 वर्षीय चालक रोहित, निवासी देवरिया, बाल-बाल बच गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की निगरानी में शनिवार दोपहर जेसीबी मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा के इंतजाम नहीं होते तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। यह घटना पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय नियमित वाहन जांच और सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत भी याद दिलाती है।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर



