मुख्यमंत्री का निर्देश बेअसर, कई वार्डों में जलभराव और गंदगी का अंबार
सीतापुर में बरसात के मौसम में जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए शासन स्तर से लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं,

– बरसात में नगर पालिका परिषद महमूदाबाद की डूबी सफाई व्यवस्था, कई वार्डों में जलभराव से बढ़ी मुसीबत
– शाहजहानी, बीबीपुर, गुलरमऊ और पुरानी बाजार समेत कई मोहल्लों में गंदगी का अंबार
– सोशल मीडिया पर नागरिक जाता रहे हैं नाराजगी
4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में बरसात के मौसम में जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए शासन स्तर से लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं,
लेकिन नगर पालिका परिषद महमूदाबाद में इन आदेशों का असर धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। नगर के कई वार्डों में नालियां गंदगी से पटी पड़ी हैं, जबकि बारिश का पानी सड़कों और गलियों में जमा होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
हालात यह हैं कि सफाई व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों ने भी सोशल मीडिया पर नाराजगी जतानी शुरू कर दी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
नगर के शाहजहानी, बीबीपुर, गुलरमऊ, पुरानी बाजार समेत कई मोहल्लों में जलभराव और गंदगी से लोग परेशान हैं। नगर वासी शिवेंद्र प्रताप यादव का कहना है कि नालियों की समय पर सफाई नहीं कराई गई, जिससे बरसात का पानी निकल नहीं पा रहा है।
कई स्थानों पर नालियां कूड़े और सिल्ट से पूरी तरह पट चुकी हैं। सभासद इस्लाम बताते हैं कि जलभराव के कारण राहगीरों और दुकानदारों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रितेश रस्तोगी बताते हैं कि गंदगी और ठहरे हुए पानी ने संक्रामक बीमारियों के खतरे को भी बढ़ा दिया है।
मोहल्लों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और वायरल बुखार जैसी बीमारियों की आशंका से लोग चिंतित हैं। सभासद अय्यूब अहमद डंपी का दावा है कि नगर में नियमित फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव भी प्रभावी ढंग से नहीं कराया जा रहा है।
नगर के प्रमोद, दयाशंकर और प्रदीप श्रीवास्तव का कहना है कि बरसात शुरू होने से पहले यदि नालों और नालियों की व्यापक सफाई करा दी जाती तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। बड़ी संख्या में नगर वासियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही तय न होने के कारण समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।
सोशल मीडिया पर भी पालिका पर उठने लगे सवाल
नगर के कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पालिका की सफाई व्यवस्था को लेकर खुलकर नाराजगी देखी जा सकती है। लगातार शिकायतों और तस्वीरों के वायरल होने के बावजूद हालात में सुधार न होना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
सफाई व्यवस्था पर ईओ का पक्ष नहीं मिल सका
नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अधिशासी अधिकारी पवन किशोर मौर्य से मामले में संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।
एसडीएम बोले, फोटो भेजिए, होगी कार्रवाई
उपजिलाधिकारी महमूदाबाद अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि जलभराव और गंदगी से संबंधित शिकायतों के साथ फोटो उपलब्ध करा दी जाएं। मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।



