मिर्ज़ापुर की बेटी का कमाल! राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, स्कूल में जश्न

मिर्ज़ापुर के सेमफोर्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। दीप्ति यादव ने गोल्ड और शुभ टंडन, सिंधुजा टंडन व परि जायसवाल ने सिल्वर मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  मिर्ज़ापुर के सेमफोर्ड स्कूल के विद्यार्थियों ने राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा 10 की छात्रा दीप्ति यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया। वहीं शुभ टंडन, सिंधुजा टंडन और परि जायसवाल ने रजत पदक अपने नाम किया।

गोल्ड और सिल्वर पदकों से बढ़ा विद्यालय का गौरव

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सफलता के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर विवेक बरनवाल ने सभी विजेता विद्यार्थियों और ताइक्वांडो प्रशिक्षक अफसर खान को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी विद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

सर्वांगीण विकास पर विद्यालय का विशेष फोकस

विद्यालय के बसही शाखा के प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सेमफोर्ड स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ ताइक्वांडो, स्केटिंग और अन्य खेलों का नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। वहीं नटवा शाखा की प्रधानाचार्या श्वेता मेहरोत्रा खत्री ने कहा कि नर्सरी स्तर से ही विद्यार्थियों को खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाता है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ ने विजेता खिलाड़ियों तथा प्रशिक्षक अफसर खान को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर

यह भी पढ़ें: लापता व्यापारी को नहीं पहचान सकी पुलिस, अंतिम संस्कार के बाद मचा बवाल; दो दरोगा निलंबित

Related Articles

Back to top button