हरदोई में अंडा फैक्ट्री पर बवाल! मक्खियों के प्रकोप से परेशान ग्रामीण सड़क पर उतरे
हरदोई के पिपरी नारायणपुर में अंडा फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीणों का धरना जारी है। मक्खियों के बढ़ते प्रकोप का आरोप लगाते हुए लोगों ने जांच, कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग की तथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र स्थित पिपरी नारायणपुर गांव में संचालित अंडा फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फैक्ट्री के संचालन से क्षेत्र में मक्खियों का प्रकोप काफी बढ़ गया है, जिससे आसपास के गांवों के लोगों को दैनिक जीवन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और स्थायी समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत और ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। धरना स्थल पर ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
रफीक लंबू, ललित कुमार, आलोक सिंह और विकास रावत के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई और समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली के जंतर-मंतर तक ले जाया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले में प्रशासनिक कार्रवाई और आधिकारिक निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।
रिपोर्ट – शुभम तिवारी भरावन (हरदोई)
यह भी पढ़ें: मिर्ज़ापुर की बेटी का कमाल! राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, स्कूल में जश्न



