गोरखपुर: जिला अस्पताल में अनोखी सर्जरी, मलाशय से निकाली गई तेल की बोतल

गोरखपुर जिला अस्पताल में 36 वर्षीय युवक के मलाशय में फंसी तेल की बोतल को 30 मिनट की सफल सर्जरी के बाद निकाला गया। डॉक्टरों के अनुसार मरीज की हालत स्थिर है और उसे काउंसिलिंग के लिए भी भेजा जाएगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर जिला अस्पताल में एक असामान्य चिकित्सीय मामला सामने आया, जहां 36 वर्षीय युवक के मलाशय में फंसी तेल की छोटी बोतल को डॉक्टरों ने सफल सर्जरी के जरिए बाहर निकाला। समय पर अस्पताल पहुंचने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तत्परता से करीब 30 मिनट चले ऑपरेशन के बाद युवक की स्थिति सामान्य हो गई। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल मरीज खतरे से बाहर है।

खुजली के दौरान हुआ हादसा, परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल

जानकारी के अनुसार, खजनी क्षेत्र का रहने वाला विवाहित युवक मजदूरी करता है। पूछताछ में उसने बताया कि मलद्वार में खुजली होने पर वह तेल की छोटी बोतल का उपयोग कर रहा था। इसी दौरान बोतल फिसलकर मलाशय के अंदर चली गई और फंस गई। काफी प्रयास के बावजूद जब बोतल बाहर नहीं निकली तो उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया।

सफल ऑपरेशन के बाद काउंसिलिंग की भी तैयारी

जिला अस्पताल में सर्जन डॉ. बी.पी. मल्ल और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. आर.पी. गौतम की टीम ने तत्काल ऑपरेशन किया। लगभग 30 मिनट की सर्जरी के बाद बिना किसी जटिलता के बोतल को सुरक्षित निकाल लिया गया। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओ.पी. सिंह ने बताया कि मरीज की हालत स्थिर है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शारीरिक उपचार के साथ मानसिक स्वास्थ्य का आकलन भी आवश्यक होता है, इसलिए मरीज की काउंसिलिंग भी कराई जाएगी।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर में अचानक थमे इलेक्ट्रिक बसों के पहिये, वेतन विवाद से सैकड़ों यात्री हुए परेशान

Related Articles

Back to top button