सीतापुर में दोस्ती बनी मौत की वजह? बीयर पार्टी के बाद युवक की गोली मारकर हत्या

सीतापुर के मुंशीगंज में गोली लगने से घायल सलमान उर्फ मैनुद्दीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस बीयर पार्टी विवाद, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के नगर कोतवाली क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मुंशीगंज स्थित गैस गोदाम के पीछे गंभीर हालत में मिले सलमान उर्फ मैनुद्दीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने युवक के दो दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में बीयर पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद गोली चलने की आशंका सामने आई है। मामले की जांच जारी है।

गैस गोदाम के पीछे घायल मिला था युवक

पुलिस के अनुसार, सलमान उर्फ मैनुद्दीन गंभीर हालत में मुंशीगंज स्थित गैस गोदाम के पीछे मिला था। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।

परिजनों ने दो दोस्तों पर लगाए हत्या के आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि रजत मिश्रा और भैरव मिश्रा उसे घर से शराब पीने के बहाने अपने साथ ले गए थे। इसके बाद सलमान गंभीर रूप से घायल मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में बीयर पार्टी के दौरान विवाद के बाद गोली चलने की आशंका जताई गई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मोबाइल और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

एसपी उत्तरी आलोक सिंह ने बताया कि मृतक और दोनों नामजद आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: बदायूं महिला अस्पताल में CDO का छापा, खराब RO और बंद AC देखकर भड़कीं अधिकारी

Related Articles

Back to top button