बांदा में करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, टुल्लू पंप का तार जोड़ते समय हुआ हादसा

बांदा के मटौंध थाना क्षेत्र में टुल्लू पंप का तार जोड़ते समय करंट लगने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। हादसे के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बांदा के मटौंध थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर में निर्माण कार्य के दौरान पानी की व्यवस्था करने के लिए टुल्लू पंप का तार जोड़ रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

टुल्लू पंप का तार जोड़ते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मटौंध थाना क्षेत्र के अछरौड़ गांव निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र अपने घर में छत डालने के लिए पानी की व्यवस्था कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वह टुल्लू पंप का तार छीलकर जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति शुरू हो गई और वह करंट की चपेट में आकर तार से चिपक गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें अलग किया और अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन आनन-फानन में जितेंद्र को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, लेकिन परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक जितेंद्र गांव में सैलून की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी मोनी और एक मासूम बेटी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक दोनों तरह की चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। गांव के लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की मांग की है।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: सीतापुर में दोस्ती बनी मौत की वजह? बीयर पार्टी के बाद युवक की गोली मारकर हत्या

Related Articles

Back to top button