वायरल वीडियो के बाद बड़ी कार्रवाई! मिड डे मील मामले में प्रधानाध्यापिका और रसोइया पर केस
सीतापुर के छंगापुर प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील की अनियमितताओं के वायरल वीडियो के बाद बड़ी कार्रवाई हुई। प्रधानाध्यापिका और रसोइया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के महमूदाबाद ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में मिड डे मील (एमडीएम) की गुणवत्ता को लेकर वायरल हुए वीडियो के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विभागीय कार्रवाई के बाद अब मामले में विधिक कार्रवाई भी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रधानाध्यापिका और रसोइया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो के बाद खुली मिड डे मील की पोल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विद्यालय में बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए गए थे। मामले के तूल पकड़ने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया मिड डे मील की गुणवत्ता, दूध वितरण और संचालन से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई।
पहले निलंबन, अब दर्ज हुआ मुकदमा
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा को पहले ही निलंबित कर दिया था। इसके बाद जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी उदय मणि पटेल की तहरीर पर महमूदाबाद कोतवाली में प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा और रसोइया अनीता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के पोषण और मिड डे मील योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बेटे को कांवड़ यात्रा पर विदा करने पहुंचे पिता की मौत, सीतापुर में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा



