महिला टी20 एशिया कप के कार्यक्रम का ऐलान

- भारतीय टीम के पास खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम रखने का मौका
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने महिला टी20 एशिया कप 2026 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी। यह टूर्नामेंट 28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई में खेला जाएगा।भारत अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी, जबकि चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से उसका मुकाबला पांच सितंबर को होगा। भारतीय टीम को ग्रूप-ए में पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग, चीन के साथ रखा गया है। वहीं ग्रूप-बी में मौजूदा चैंपियन श्रीलंका, बांग्लादेश, इंडोनेशिया और मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं।
आठ टीमों को दो समूहों में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रूप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर, दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को खेला जाएगा, जबकि 13 सितंबर को फाइनल मुकाबला होगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 28 अगस्त को थाईलैंड और हांगकांग, चीन के बीच खेला जाएगा। श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को यूएई के खिलाफ करेगा, जबकि बांग्लादेश 31 अगस्त को इंडोनेशिया से भिड़ेगा। पाकिस्तान एक सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ खेलेगा। टूर्नामेंट के सभी 15 मैच, जिनमें दोनों सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल हैं, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में फ्लडलाइट्स के बीच खेले जाएंगे। भारतीय टीम एक बार फिर खिताब जीतकर महाद्वीपीय क्रिकेट में अपना दबदबा कायम रखने के इरादे से उतरेगी।
पाकिस्तान सीरीज के लिए इंग्लैंड की टेस्ट टीम का ऐलान
लंदन। बेन स्टोक्स के टेस्ट कप्तानी युग के समाप्त होने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान के खिलाफ 19 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम का एलान कर दिया है। जो रूट दूसरी बार टेस्ट कप्तान के रूप में टीम की कमान संभालेंगे। दो साल बाद ऑलराउंडर डैन लॉरेंस की वापसी है। इंग्लैंड की टीम में पूर्व उपकप्तान ओली पोप की भी वापसी हुई है। एशेज सीरीज के दौरान टीम से बाहर किए गए पोप को पाकिस्तान सीरीज के लिए फिर मौका मिला है। हालांकि, टीम में जॉर्डन कॉक्स के नंबर-3 पर खेलने की संभावना है, इसलिए पोप फिलहाल अतिरिक्त बल्लेबाज की भूमिका निभा सकते हैं। तेज गेंदबाज सैम कुक को भी दोबारा टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने पिछले साल जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था, लेकिन उसके बाद टीम से बाहर रहे। ब्रायडन कार्स चोट से उबरने के बाद टीम में लौटे हैं। वहीं, ओली रॉबिन्सन भी अपनी जगह बचाने में सफल रहे।



