बाबा धाम गया था 27 साल का बजरंगी, फिर पोखर में मिली लाश; घर पहुंचा शव तो मचा कोहराम
गोरखपुर के बजरंगी निषाद की बाबा धाम यात्रा के दौरान संदिग्ध मौत हो गई। छह अगस्त को पोखर में शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और शव रखकर चक्का जाम किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बाबा धाम की यात्रा पर निकले एक परिवार के लिए लौटकर आई खबर ने सबकुछ बदल दिया। मोहल्ले के लोगों के साथ यात्रा पर गया 27 वर्षीय बजरंगी निषाद संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। छह अगस्त को कटोरिया थाना क्षेत्र के पास सुनसान जगह स्थित एक पोखर से उसका शव बरामद हुआ। मौत की खबर घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।
तीन अगस्त को निकला था बाबा धाम
बिछिया जंगल स्थित तुलसीराम मल्लाह टोला, शहीद गली, वार्ड 23 निवासी बजरंगी निषाद, रमेश निषाद का पुत्र था। बताया गया कि वह तीन अगस्त को मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ बाबा धाम गया था। यात्रा के दौरान वह साथियों से पीछे रह गया। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला।
छह अगस्त को कटोरिया थाना क्षेत्र में एक सुनसान स्थान के पोखर में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मोबाइल और लोकेशन संबंधी जानकारी के जरिए मृतक की पहचान की। पुलिस के अनुसार उसके पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला।
पत्नी पांच माह की गर्भवती, परिवार में मचा कोहराम
बजरंगी की शादी करीब 15 महीने पहले हुई थी। उसकी पत्नी पांच माह की गर्भवती है। सात अगस्त को शव घर पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। बजरंगी तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके एक बड़े भाई और पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।
परिजन मौत को लेकर सवाल उठा रहे हैं और हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की गहन जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि अभी मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है।
शव रखकर किया चक्का जाम, जांच का भरोसा
आक्रोशित स्वजन और स्थानीय लोगों ने चार फाटक रोड पर शहीद शिव सिंह क्षेत्री के पास ओवरब्रिज पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। लोगों ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की।
सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। मृतक की पत्नी ने न्याय मिलने तक मौके से नहीं हटने की बात कही। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा से पहले बिसौली में बड़ा अभियान, अतिक्रमण पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर



