बेटी की शादी के बाद विधायक ने समधी पर कराया केस, बोले- छिपाए गए थे बड़े राज

सीतापुर के सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने समधी अनुज त्रिवेदी पर शादी से पहले कारोबार और पृष्ठभूमि की जानकारी छिपाने का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : बेटी की शादी के बाद सामने आए कथित विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। सेवता विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ रेउसा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। विधायक का आरोप है कि बेटी की शादी तय करते समय कारोबार और पारिवारिक पृष्ठभूमि से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई गईं और गलत जानकारी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2024 में हुई थी विधायक की बेटी की शादी

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार विधायक की बेटी की शादी 14 फरवरी 2024 को अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी के साथ हुई थी। विधायक का कहना है कि शादी से पहले अनुज त्रिवेदी ने खुद को मुंबई में रियल एस्टेट कारोबारी बताया था।

विधायक के मुताबिक विवाह से पहले स्थानीय स्तर पर भी परिवार के बारे में जानकारी जुटाई गई थी। उस समय उन्हें संपन्न और प्रतिष्ठित व्यक्ति बताया गया था। आरोप है कि बाद में सोशल मीडिया के जरिए कुछ ऐसी जानकारियां सामने आईं, जिनसे विधायक को कथित तौर पर अनुज त्रिवेदी के खिलाफ महाराष्ट्र समेत अन्य स्थानों पर धोखाधड़ी और चीटिंग के मुकदमों की जानकारी मिली।

विधायक का आरोप- महत्वपूर्ण तथ्य छिपाए गए

विधायक ज्ञान तिवारी का आरोप है कि शादी तय करते समय महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर और गलत जानकारी देकर रिश्ता कराया गया। उनका कहना है कि इससे उनकी बेटी और परिवार को मानसिक आघात पहुंचा तथा सामाजिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित हुई।

दो दिन पहले विधायक अपनी बेटी के साथ सोशल मीडिया पर सामने आए थे और समधी पक्ष से रिश्ता समाप्त करने की घोषणा की थी। अब मामले में पुलिस कार्रवाई शुरू हो गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच, साक्ष्य जुटाए जा रहे

रेउसा थाना प्रभारी हनुमंत तिवारी ने बताया कि मामले में साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और संबंधित दस्तावेज व साक्ष्य क्या कहते हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की तस्वीर साफ होगी।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: प्रेम प्रसंग का शक या कानून हाथ में लेने की हद? युवक को बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

Related Articles

Back to top button