बरेली में बनेगी 126 हेक्टेयर की आधुनिक इंडस्ट्रियल टाउनशिप, निवेश के साथ हजारों रोजगार की उम्मीद
बरेली के दिल्ली रोड क्षेत्र में 126.3043 हेक्टेयर में आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप विकसित होगी। बीडीए की परियोजना में निवेश, उद्योग और रोजगार बढ़ाने पर जोर है।

बरेली: दिल्ली रोड क्षेत्र में बरेली की औद्योगिक तस्वीर बदलने की तैयारी तेज हो गई है। बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की योजना के तहत 126.3043 हेक्टेयर भूमि पर आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जाएगी। परियोजना में उद्योगों के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ निवेश का माहौल तैयार करने पर जोर है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
चार गांवों में चिन्हित हुई जमीन
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक जिले में न्यूनतम 50 एकड़ भूमि पर सरदार वल्लभ भाई पटेल इम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित करने की योजना है। इसी के तहत बीडीए ने रसूला चौधरी, भिटौरा नौंगवा उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली और रहपुरा जागीर में भूमि चिह्नित की है। करीब 28 हेक्टेयर ग्राम समाज और सरकारी भूमि पुनर्ग्रहण से प्राप्त की जा रही है, जबकि लगभग 98 हेक्टेयर निजी भूमि खरीदने की प्रक्रिया चल रही है।
41 करोड़ खर्च, जमीन खरीदने की रफ्तार बढ़ी
बीडीए अब तक करीब 41 करोड़ रुपये खर्च कर 21 हेक्टेयर भूमि खरीद चुका है। शनिवार को चार हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि का क्रय किया गया, जिसके लिए भू-स्वामियों को करीब आठ करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया। परियोजना को बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है।
सड़क, बिजली से ई-चार्जिंग तक होंगी सुविधाएं
प्रस्तावित टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, भूमिगत विद्युत नेटवर्क, जलापूर्ति, सीवरेज-ड्रेनेज, हरित क्षेत्र, ई-चार्जिंग स्टेशन, गैस लाइन, नेटवर्क सुविधा और कॉमन पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं होंगी। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम और फायर स्टेशन भी प्रस्तावित हैं। बीडीए के मुताबिक, बेहतर औद्योगिक ढांचा तैयार होने से नए निवेश और उद्योगों के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: पहले शादी का भरोसा, फिर आपत्तिजनक वीडियो और धमकी का आरोप; बरेली में 8 पर रिपोर्ट



