सीतापुर में 10 साल का मयंक गहरे पानी में डूबा, 3 घंटे बाद पहुंची SDRF; तलाश जारी
सीतापुर के सदरपुर क्षेत्र में 10 वर्षीय मयंक मौर्य गहरे पानी में डूब गया। पैर फिसलने के बाद हादसा हुआ। गोताखोरों के बाद एसडीआरएफ टीम मोटरबोट से तलाश में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सदरपुर थाना क्षेत्र के धुरिया गांव में बांध की पुलिया के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। शौच के लिए घर से निकला 10 वर्षीय मयंक मौर्य पैर फिसलने के बाद गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों के बाद अब एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू अभियान में जुटी है।
पैर फिसलने से गहरे पानी में गया बालक
धुरिया गांव निवासी राजेंद्र मौर्य का बेटा मयंक घर से बाहर शौच के लिए गया था। बताया जा रहा है कि बांध की पुलिया के पास अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही बालक पानी में ओझल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोताखोरों ने शुरू की तलाश
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार भी सदरपुर पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और जाल की मदद से पानी में बालक की तलाश शुरू कराई गई। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद सफलता नहीं मिली।
तीन घंटे बाद पहुंची SDRF टीम
घटना के करीब तीन घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम मोटरबोट की मदद से गहरे पानी में बालक की तलाश कर रही है। पुलिस और रेस्क्यू टीम की निगरानी में अभियान जारी है। फिलहाल बालक का पता नहीं चल सका है और परिजन उसकी सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: MBBS-MS डॉक्टर की मौत से हड़कंप, किराए के फ्लैट में रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली



