दो बच्चों की हत्या के बाद अब मां की मौत पर बवाल, 12 घंटे तक नहीं उठने दिया शव
बांदा के नंदवारा में दो बच्चों की हत्या के बाद आरोपी की मां कुसुमा देवी की मौत पर बवाल हुआ। परिजनों ने 12 घंटे तक शव नहीं उठने दिया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः बांदा के नरैनी थाना क्षेत्र का नंदवारा गांव एक बार फिर तनाव के बीच है। दो बच्चों की हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि आरोपी महेंद्र पाल वर्मा की मां कुसुमा देवी की मौत के बाद नया विवाद खड़ा हो गया। सोमवार को परिजनों ने शव को घर के बाहर रखकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और करीब 12 घंटे तक पोस्टमार्टम के लिए शव नहीं उठने दिया।
घर में घुसकर धक्का-मुक्की का परिजनों ने लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि दो बच्चों की हत्या के बाद पुलिस कार्रवाई के दौरान घर पर दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि घर में घुसकर महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और धमकी दी गई। इसी दौरान कुसुमा देवी की तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। हालांकि, उनकी मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
शव के साथ बैठे रहे परिजन, पुलिस पर उठाए सवाल
कुसुमा देवी की मौत के बाद परिजनों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया। परिवार की मांग थी कि पहले उनकी शिकायत सुनी जाए और मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी देर तक परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के मुताबिक कुसुमा देवी की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। दो बच्चों की हत्या के बाद अब कुसुमा देवी की मौत ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। फिलहाल सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष पर है।
रिपोर्ट -इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: किसानों के लिए बड़ी खबर! बाजरा का ₹2900 MSP, बरेली मंडल में 25 क्रय केंद्र तैयार



