बीजेपी की भजन सरकार से नाराज हैं अन्नदाता: गहलोत

- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री बोले- पंचायत चुनाव में सबक सिखाएंगे किसान
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायत चुनावों की आहट के बीच राज्य की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हालिया बयान पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान और गरीब वर्ग आगामी पंचायत चुनावों के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को करारा सबक सिखाएंगे। गहलोत ने मुख्यमंत्री के बयान की कड़ी आलोचना की। मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा था कि किसान केवल 20-25 दिन ही काम करते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस टिप्पणी को जुमला बताते हुए कहा कि देश के अन्नदाता को लेकर मुख्यमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को ऐसी बात बिल्कुल नहीं कहनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि दिन-रात कड़ी मेहनत करने वाले किसानों के योगदान को इस तरह कम आंकना सही नहीं है। सरकार ने अन्नदाता का अपमान करके किसानों को नाराज किया है। गहलोत ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के बयान और भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त होकर राज्य का किसान तथा गरीब वर्ग अब चुनाव के जरिये अपना जवाब देगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस बयान की किसानों में तीखी प्रतिक्रिया देखी जा रही है। उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि आगामी पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।



