बिसवां की रैंकिंग 57, लेकिन जमीन पर कितना बदला गांव? हकीकत परखने पहुंचीं अपर आयुक्त

सीतापुर के आकांक्षी ब्लॉक बिसवां में अपर आयुक्त रेखा एस. चौहान ने विकास कार्यों की समीक्षा की। कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और योजनाओं के जमीनी असर की पड़ताल की गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः सीतापुर के आकांक्षी विकासखंड बिसवां में सरकारी योजनाओं की प्रगति अब सिर्फ कागजों और आंकड़ों तक सीमित नहीं रहेगी। उत्तर प्रदेश शासन की विशेष सचिव एवं अपर आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन रेखा एस. चौहान ने बिसवां पहुंचकर विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों से योजनाओं के वास्तविक प्रभाव की जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि आंकड़े तस्वीर का सिर्फ एक हिस्सा बताते हैं, असली स्थिति फील्ड में जाकर ही समझी जा सकती है।

57वीं रैंकिंग, अब जमीन पर बदलाव की पड़ताल

बैठक में अपर आयुक्त ने बताया कि आकांक्षी विकासखंड बिसवां की वर्तमान रैंकिंग 57 है। उन्होंने कृषि, सामाजिक विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कामों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही यह भी समझने का प्रयास किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में पात्र लोगों तक कितनी प्रभावी तरीके से पहुंच रहा है।

अधिकारियों से फीडबैक, फील्ड निरीक्षण पर जोर

रेखा एस. चौहान ने अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की वास्तविकता समझने के लिए फील्ड निरीक्षण जरूरी है। इसी के जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि सरकारी प्रयासों से लोगों की जिंदगी में कितना सकारात्मक बदलाव आया है और योजनाओं को लेकर जागरूकता कितनी बढ़ी है।

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद किया पौधरोपण

दौरे के दौरान अपर आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर बीडीओ धनंजय सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कपूर, सीडीपीओ हरेश मौर्य, प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रगुप्त मौर्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: बुरहानपुर से पिस्टल लेकर गोरखपुर पहुंचा युवक, STF ने ग्राहक तक पहुंचने से पहले दबोचा

Related Articles

Back to top button