पहले घड़े फोड़े, फिर पुतला जलाया… बरेली में सपा का चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

बरेली में सपा कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के विरोध में घड़े फोड़े। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया।

बरेली में मंगलवार को महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दे सड़क पर उतर आए। समाजवादी पार्टी के फ्रंटल संगठनों ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यालय से निकले कार्यकर्ता तीन बड़े मिट्टी के घड़े लेकर चौकी चौराहे पहुंचे और उन्हें सड़क पर पटककर फोड़ दिया। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर नारेबाजी की गई।

महंगाई-बेरोजगारी के घड़े लेकर निकला जुलूस

दोपहर करीब एक बजे सपा कार्यालय पर कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटे। प्रदर्शनकारी महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक लिखे तीन बड़े घड़े लेकर जुलूस की शक्ल में निकले। इस दौरान ‘महंगाई कम करो’, ‘युवाओं को रोजगार दो’, ‘पेपर लीक बंद करो’ और ‘वोट चोरी नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए गए। चौकी चौराहे पर पहुंचकर तीनों घड़े बारी-बारी से फोड़ दिए गए।

घड़ों को बताया जनता की पीड़ा का प्रतीक

सपा नेताओं ने कहा कि घड़े महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक से परेशान जनता की पीड़ा और युवाओं के टूटे सपनों का प्रतीक हैं। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मतदाता सूचियों में गड़बड़ी और नाम काटे जाने के आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस रिपोर्ट में नहीं हुई है।

मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका

प्रदर्शन के अगले चरण में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला बनाकर चौकी चौराहे पर दहन किया। पुतला जलाने के दौरान ‘चुनाव आयोग होश में आओ’ और ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ जैसे नारे लगाए गए। सपा कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में पारदर्शिता और चुनाव से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: ‘रिहाई तक नहीं उठेंगे’… अखिलेश यादव के समर्थन में बिसौली तहसील पर सपा का धरना

Related Articles

Back to top button