बिजली के तारों से टकराई ओवरलोड स्लीपर बस, 20 से ज्यादा यात्री थे सवार; बाल-बाल टला हादसा

बांदा में ओवरलोड स्लीपर बस की छत पर लदा सामान बिजली के तारों से टकरा गया। चिंगारियां निकलने से हड़कंप मचा, बस और सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः बांदा में बुधवार की भोर एक बड़ा हादसा बाल-बाल टल गया। एसपी आवास के सामने से गुजर रही एक प्राइवेट स्लीपर बस की छत पर लदा भारी सामान ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से टकरा गया। तारों से निकली चिंगारियों ने सड़क पर अफरा-तफरी मचा दी। गनीमत रही कि तार टूटे नहीं, वरना बस में सवार यात्रियों और सड़क पर मौजूद लोगों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता था।

बिजली के तारों से टकराया बस की छत पर लदा सामान

दिनेश ड्रीम लाइन की बस महाराणा प्रताप चौक से एसपी आवास की ओर जा रही थी। बताया गया कि बस में 20 से ज्यादा यात्री सवार थे और उसकी छत पर भारी सामान रखा था। एसपी आवास के सामने पहुंचते ही सामान बिजली के तारों से टकरा गया। इसके बाद तारों से चिंगारियां निकलने लगीं और मौके पर हड़कंप मच गया।

हादसे के बाद बस लेकर निकल गया चालक

घटना के बाद चालक ने बस मौके पर नहीं रोकी और उसे लेकर आगे निकल गया। राहगीरों ने बस का पीछा किया और पीली कोठी के पास सामान उतारे जाने की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। जानकारी मिलते ही सेल टैक्स विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बस व सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

ओवरलोडिंग ने खड़े किए सुरक्षा पर गंभीर सवाल

घटना ने यात्रियों को लेकर चलने वाली निजी बसों में सामान ढुलाई और ओवरलोडिंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस की छत पर कितना और किस तरह का सामान लदा था, इसे लेकर भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सामान बस की निर्धारित ऊंचाई से कितना ऊपर था और नियमों के तहत इसकी अनुमति थी या नहीं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।

रिपोर्ट – इक़बाल खान, बांदा

यह भी पढ़ें: ‘टाटा-बाय-बाय’ लिखकर धर्मेंद्र कश्यप ने बढ़ाया सस्पेंस, BJP से दूरी या सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट?

Related Articles

Back to top button