त्योहारों से पहले बांदा में चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमणकारियों को FIR की चेतावनी
बांदा में त्योहारों से पहले प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। बाजारों से ठेले और सामान हटवाए गए, नोटिस व चालान किए गए। दोबारा कब्जा मिलने पर FIR की चेतावनी दी गई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले बांदा के बाजारों में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शहर में बढ़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासनिक टीम ने प्रमुख बाजारों का जायजा लिया और सड़क व फुटपाथ घेरकर कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। कई दुकानदारों को नोटिस दिए गए और कुछ के चालान भी काटे गए। दोबारा अतिक्रमण मिलने पर एफआईआर की चेतावनी दी गई है।
बरखंडी नाका से शुरू हुआ अभियान
जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला और नगर पालिका की टीम ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई की शुरुआत बरखंडी नाका से हुई। इसके बाद टीम महेश्वरी देवी मंदिर, मेन चौक, फूल वाली गली, शंकर गुरु चौराहा, सब्जी मंडी और न्यू मार्केट होते हुए रामलीला मैदान तक पहुंची।
इस दौरान सड़क किनारे खड़े ठेले और फुटपाथ पर लगाए गए सब्जी समेत अन्य सामान को हटवाया गया। टीम ने सार्वजनिक रास्तों को खाली कराने पर जोर दिया।
दुकानदारों को नोटिस, कई के चालान
अभियान के दौरान कई दुकानों के सामने ठेले खड़े मिले। संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। वहीं अतिक्रमण करने वाले कुछ लोगों के चालान भी किए गए। कार्रवाई के चलते बाजार में दुकानदारों और ठेला संचालकों के बीच हलचल देखने को मिली।
नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला ने कहा कि अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और लोगों को आवागमन में परेशानी से बचाना है।
दोबारा कब्जा मिला तो FIR की चेतावनी
प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक रास्ते पर दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।
प्रशासन के मुताबिक त्योहारों के दौरान भीड़ और जाम को देखते हुए अभियान आगे भी जारी रहेगा। अब निगरानी और कार्रवाई के बाद यह देखना होगा कि शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था कितनी बेहतर होती है।
रिपोर्ट: इकबाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: उघैती थाने में समाधान दिवस, ASP ग्रामीण ने सुनी फरियाद; अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश



