आजम खान से मिलने जेल पहुंचेंगे अखिलेश, 13 महीने बाद फिर होगी मुलाकात

अखिलेश यादव के रामपुर दौरे को लेकर तैयारियां की गई हैं। जानकारी के मुताबिक, जौहर यूनिवर्सिटी में उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए हेलीपैड बनाया गया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर जेल में बंद पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात करने पहुंचेंगे।

इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। अखिलेश यादव की आजम खान से 13 महीने के भीतर यह दूसरी मुलाकात बताई जा रही है। ऐसे में इस दौरे पर पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक विश्लेषकों की नजरें टिकी हैं।

अखिलेश यादव के रामपुर दौरे को लेकर तैयारियां की गई हैं। जानकारी के मुताबिक, जौहर यूनिवर्सिटी में उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए हेलीपैड बनाया गया है। यूनिवर्सिटी पहुंचने के बाद अखिलेश यादव कार से सीधे रामपुर जेल जाएंगे, जहां उनकी मुलाकात आजम खान से होगी।

अखिलेश एक साल पहले भी आजम खान से मिलने पहुंचे थे। करीब दो महीने पहले शिवपाल यादव ने भी जेल में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला से मुलाकात की थी। इसके बाद वह आजम के घर जाकर तंजीन फातिमा से भी मिले थे।

17 नवंबर 2025 से रामपुर जेल में बंद हैं आजम

आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल में बंद हैं। एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने इस मामले में दोनों को सात-सात साल की सजा सुनाई है। आजम खान ने हाईकोर्ट में अपील की है।

Related Articles

Back to top button