पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, पीड़ित ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

पीड़ित ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत पत्र देकर न्याय की मांग की है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत पत्र देकर न्याय की मांग की है।

बताया जा रहा है कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम मवई बुजुर्ग निवासी सुखलाल पुत्र स्वर्गीय चुनबद्दी ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसके पुत्र का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बना मकान बांदा से चिल्ला राष्ट्रीय राजमार्ग के दाहिनी ओर टेहुआ तालाब के सामने स्थित है।

पीड़ित का आरोप है कि उसके पड़ोसी जगदीश पुत्र रामऔतार सहन के रूप में छोड़ी गई जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बिना अनुमति और बिना नक्शा पास कराए मकान का निर्माण कराया जा रहा है।

शिकायतकर्ता के अनुसार 8 मार्च 2026 से ईंट, बालू व अन्य निर्माण सामग्री डालकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। गांव के संभ्रांत लोगों के साथ-साथ राजस्व विभाग के लेखपाल और कानूनगो ने भी निर्माण कार्य रोकने की बात कही, लेकिन इसके बावजूद आरोपी निर्माण कार्य बंद नहीं कर रहा है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी द्वारा उसे धमकी दी गई कि वह जहां चाहेगा वहीं निर्माण करेगा और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।

पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

रिपोर्ट- इकबाल, बांदा

Related Articles

Back to top button