यूपी में एक और सरकारी कर्मी अधिकारी के शोषण का बना शिकार

एपीटीसी कमांडेंट सीतापुर केफॉलोअर की मौत

  • पत्नी बोली- बंगले पर बुलाकर शारीरिक रूप से प्रताडि़त करते थे अधिकारी
  • खैराबाद थाना क्षेत्र के राजापुर चिलवारा गांव के निवासी थे शैलेन्द्र

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
सीतापुर। यूपी में अधिकारियों से प्रताडि़त होकर जान देने वाले कर्मियों में कोई कमी नहीं आ रही है। ताजी घटना में सीतापुर में एक पुलिस फॉलोअर की संदिग्ध मौत के बाद उसकी पत्नी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पर अवैध हिरासत, मानसिक और शारीरिक प्रताडऩा तथा आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खैराबाद थाना क्षेत्र के राजापुर चिलवारा गांव निवासी शैलेन्द्र पाल (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। शैलेन्द्र की पत्नी सरिता पाल ने एपीटीसी कमांडेंट पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने, अवैध हिरासत में रखने और लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताडऩा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपी आईपीएस अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निलंबन की मांग की है। सरिता पाल के अनुसार, उनके पति एपीटीसी कमांडेंट के सरकारी आवास पर सफाई का कार्य करते थे।

कमांडेंट ने की शैलेन्द्र से पैसों की मांग

पत्नी का यह भी आरोप है कि कमांडेंट ने शैलेन्द्र से पैसों की मांग की और उनका मोबाइल फोन तथा आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज भी अपने कब्जे में रख लिए। लगातार प्रताडऩा और दबाव से परेशान होकर शैलेन्द्र ने मंगलवार को विषाक्त पदार्थ खा लिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। सरिता पाल ने दावा किया कि चोरी के मामले में उनके पति का कोई नाम नहीं था। मुख्य आरोपी कोई दूसरा व्यक्ति था, जिसके पास से सामान भी बरामद हुआ था। इसके बावजूद उनके पति को निशाना बनाया गया।

पुलिसकर्मी उन्हें सादे कपड़ों में घर से जबरन उठा ले गए

आरोप है कि 25 जून को आवास से कुछ सामान गायब होने के शक में दो पुलिसकर्मी उन्हें सादे कपड़ों में घर से जबरन उठा ले गए। शैलेन्द्र को दो दिन तक अवैध हिरासत में रखकर पूछताछ की गई और उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद भी करीब 19 दिनों तक उन्हें रोज बंगले पर बुलाकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जाता रहा। पीडि़ता का आरोप है कि प्रताडऩा की जानकारी किसी को देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

मामले की जांच की जा रही : एसपी

घटना के विरोध में राजापुर चिलवारा गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से एसपी कार्यालय पहुंचे और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मामले में शिकायती पत्र मिला है। आरोपों की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button