दलीप ट्रॉफी में अर्शदीप सिंह और अंशुल को मिली जगह

  • कन्हैया वधवान की कप्तानी वाली उत्तर क्षेत्र की टीम में अर्शदीप शामिल

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को आगामी दलीप ट्रॉफी के लिए सोमवार को उत्तर क्षेत्र की टीम में शामिल किया गया, जबकि जम्मू-कश्मीर के विकेटकीपर बल्लेबाज कन्हैया वधवान को 15 सदस्यीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। टीम इंडिया के लिए सफेद गेंद के विशेषज्ञ अर्शदीप को 2025 के इंग्लैंड दौरे के दौरान टेस्ट टीम में शामिल किया गया था, लेकिन चोट और संयोजन से जुड़ी समस्याओं के कारण वह भारत के लिए लाल गेंद के प्रारूप में डेब्यू नहीं कर पाए थे।
टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हरियाणा के अंशुल कंबोज को भी 23 अगस्त से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए नॉर्थ जोन की टीम में जगह मिली है। जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत से उत्साहित चयनकर्ताओं ने चैंपियन टीम के छह खिलाडिय़ों को इस टीम में जगह दी है। वधवान के अलावा इसमें ओपनर कमरान इकबाल, ऑलराउंडर अब्दुल समद, बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक, तेज गेंदबाज सुनील कुमार और तेज गेंदबाज युद्धवीर सिंह शामिल हैं। दिल्ली के आयुष बडोनी को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि जम्मू-कश्मीर के अनुभवी कप्तान पारस डोगरा इस टूर्नामेंट के लिए नहीं चुना गया क्योंकि दलीप ट्रॉफी मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोडऩे की कोशिश करने वाले खिलाडिय़ों के लिए है। तेज गेंदबाज आकिब नबी राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के कारण अनुपलब्ध रहेंगे। जम्मू-कश्मीर के बाद दिल्ली का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक है, जिससे ओपनर सनत सांगवान, पूर्व कप्तान यश ढुल, मजबूत मध्यक्रम के बल्लेबाज आयुष डोसेजा और बडोनी टीम में शामिल हैं। भारत ए के नियमित खिलाड़ी निशांत सिंधु, आबिद मुश्ताक और अर्जुन शर्मा स्पिन और ऑलराउंड विकल्प प्रदान करेंगे।

पहली बार टीम इंडिया में चुने गए आकिब नबी

मुंबई। भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हुए बुमराह की जगह चयन समिति ने जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है। आकिब नबी को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में जगह मिली है। जम्मू-कश्मीर के इस युवा तेज गेंदबाज ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 104 विकेट लिए हैं। 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने 60 विकेट चटकाए और जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। आकिब नबी हाल ही में इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे। वहां उन्होंने दो प्रथम श्रेणी मैचों में छह विकेट अपने नाम किए थे। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम अब सीनियर भारतीय टीम में चयन के रूप में मिला है। भारतीय टीम के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने के लिहाज से यह सीरीज जीतनी जरूरी है। भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-0 से हार मिली थी।

Related Articles

Back to top button