Ganga Expressway Accident: स्कॉर्पियो पलटने से पिता-बेटी की मौत, परिवार के चार सदस्य घायल
Badaun News: गंगा एक्सप्रेसवे पर स्कॉर्पियो पलटने से होटल कारोबारी अरविंद द्विवेदी और उनकी 15 वर्षीय बेटी आर्या की मौत हो गई। हादसे में परिवार के चार सदस्य घायल हुए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सफर घर लौटने का था, लेकिन गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बदायूं-शाहजहांपुर सीमा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में होटल कारोबारी अरविंद द्विवेदी और उनकी 15 वर्षीय बेटी आर्या की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
गंगा एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 227 के पास हादसा
यह हादसा गंगा एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 227 के पास गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में हुआ। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के झामदूबे पुरवा गांव के निवासी बताए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, परिवार दिल्ली से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर बेटी की मौत, बरेली ले जाते समय कारोबारी ने तोड़ा दम
हादसे में 15 वर्षीय आर्या द्विवेदी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, 48 वर्षीय होटल कारोबारी अरविंद द्विवेदी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बरेली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
इस दुर्घटना में कारोबारी की पत्नी, बेटा, बहन और भांजी भी घायल हुए हैं। तीन घायलों को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि घायल महिला का उपचार दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
चालक को नींद आने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन चलाते समय चालक को नींद आने के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
रिपोर्ट-संतुलित पाठक (बदायूं)
यह भी पढ़ें: Bareilly Crime: ड्यूटी से लौट रहे डिलीवरी बॉय की हत्या, 11 लोगों पर मुकदमा



