बांदा में थ्रेसर बना काल: गमछा फंसते ही युवक की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बांदा के बबेरू क्षेत्र में थ्रेसर मशीन में गमछा फंसने से 30 वर्षीय युवक विवेक यादव की दर्दनाक मौत हो गई। खेत में काम करते समय हुआ यह हादसा पूरे गांव में शोक का कारण बन गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बांदा के एक छोटे से गांव में रोज की तरह खेतों में काम चल रहा था। कोई फसल की तैयारी में लगा था, तो कोई मशीनों के सहारे मेहनत कर रहा था। लेकिन इसी बीच एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। एक पल की चूक ने 30 साल के युवक की जिंदगी छीन ली।
मामला बबेरू थाना क्षेत्र के सतन्याव गांव का है। यहां रहने वाले विवेक यादव (30) अपने खेत में थ्रेसर मशीन से कतराई का काम कर रहे थे। काम के दौरान उनके गले में पड़ा गमछा अचानक मशीन में फंस गया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और विवेक मशीन की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हादसा हो चुका था।
यह भी पढ़ें: आज रात 8:30 बजे PM मोदी देशवासियों को करेंगे संबोधित
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई उम्मीद
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू लेकर पहुंचे। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। विवेक यादव की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, हर तरफ सन्नाटा छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट – इक़बाल खान
यह भी पढ़ें: उन्नाव में डिजिटल बदलाव: ‘E-NagarSeva’ पोर्टल लॉन्च, अब घर बैठे जमा होगा हाउस और वाटर टैक्स



