बरेली में 10 करोड़ की हेरोइन बरामद! घर में चल रहा था कथित नशे का कारोबार, 3 गिरफ्तार

Bareilly News: बरेली के आलमपुर कोट में एएनटीएफ और सिरौली पुलिस ने छापेमारी कर 4.515 किलो हेरोइन बरामद की। पुलिस के मुताबिक इसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। तीन आरोपी गिरफ्तार हुए।

बरेली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एएनटीएफ यूनिट और सिरौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम आलमपुर कोट में छापेमारी कर 4 किलो 515 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। मौके से हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल और उपकरण भी मिले हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आलमपुर कोट में छापेमारी, तीन आरोपी गिरफ्तार

एसटीएफ प्रभारी विकास यादव के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों के निर्माण और बिक्री की सूचना पर एएनटीएफ बरेली और सिरौली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने राम भरोसे पुत्र स्वर्गीय भगवान दास के घर पर दबिश दी। यहां से राम भरोसे, उसके बेटे वीरेश और ग्राम बेल भुजिया निवासी बंके को गिरफ्तार किया गया।

हेरोइन के साथ केमिकल और इलेक्ट्रॉनिक कांटे बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान 4 किलो 515 ग्राम हेरोइन के अलावा 8 किलो 560 ग्राम सोडियम कार्बोनेट और 1 किलो 694 ग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड बरामद किया। मौके से दो तराजू, एक भगोना, दो परात, तीन इलेक्ट्रॉनिक कांटे, तीन मोबाइल फोन और 2,000 रुपये नकद भी मिले।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने लंबे समय से मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल होने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी हेरोइन और अन्य रसायनों का इस्तेमाल कर मादक पदार्थ तैयार करते थे और बिक्री से होने वाला मुनाफा आपस में बांटते थे।

NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी

मामले में सिरौली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 355/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/9A/25A में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही बरामद केमिकल के स्रोत, मादक पदार्थों की सप्लाई और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: बदायूं में वैगनआर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, अस्पताल में महिला की मौत

Related Articles

Back to top button