अग्निवीर बनने का सपना और ठगों का जाल! री-मेडिकल पास कराने के नाम पर ऐसे हो रही थी ठगी

बरेली में अग्निवीर अभ्यर्थियों को री-मेडिकल में पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले कथित फर्जी हवलदार को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार किया। मोबाइल से 40 हजार रुपये के लेनदेन का रिकॉर्ड मिला।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: अग्निवीर बनने का सपना लिए री-मेडिकल में असफल अभ्यर्थियों को ठगने वाले गिरोह का बरेली में पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद कैंट पुलिस ने कथित तौर पर खुद को सेना का सेवानिवृत्त हवलदार बताने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभ्यर्थियों को री-मेडिकल में पास कराने का झांसा देकर रकम वसूलता था। उसका एक साथी फरार है।

मिलिट्री अस्पताल के पास पकड़ा गया आरोपी

पुलिस के अनुसार, लखनऊ के मुबारकपुर निवासी राजेश तिवारी अग्निवीर जनरल ड्यूटी के री-मेडिकल में फेल अभ्यर्थियों से संपर्क करता था। वह खुद को सेना का पूर्व हवलदार बताकर उन्हें दोबारा मेडिकल में पास कराने का भरोसा देता और इसके बदले मोटी रकम मांगता था।

25 अगस्त को वह मिलिट्री अस्पताल के पास अभ्यर्थियों की तलाश में पहुंचा था। इसी दौरान मिली सूचना पर कैंट पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

फर्जी पहचानपत्र और दस्तावेजों से बनाता था जाल

पुलिस का दावा है कि आरोपी के पास से फर्जी मोहर, मोबाइल फोन और अभ्यर्थियों की जानकारी वाला रजिस्टर मिला है। पूछताछ में कथित तौर पर फर्जी कैंटीन पहचानपत्र, कूटरचित कॉल लेटर और रेफरल लेटर दिखाकर अभ्यर्थियों को भरोसे में लेने की बात सामने आई।

आरोपी कथित तौर पर यह भी कहता था कि अभ्यर्थी का आरएमडीएस नंबर सेना के अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है और री-मेडिकल में उसे पास करा दिया जाएगा।

मोबाइल में मिला 40 हजार रुपये का लेनदेन

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल से अभ्यर्थियों के दस्तावेज, बैंक हिस्ट्री और वाट्सऐप चैट मिली हैं। जांच में 21 अगस्त को अंकित सिंह चौहान की यूपीआई आईडी से 40 हजार रुपये भेजे जाने का रिकॉर्ड मिलने की बात कही गई है। अंकित का नाम आरोपी के रजिस्टर में भी दर्ज मिला।

पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में गजेंद्र सिंह भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस अब उसकी तलाश के साथ पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि कितने अभ्यर्थियों से कितनी रकम वसूली गई।

रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: 17 साल की उम्र में शादी, फिर लगाए गंभीर आरोप; विवाहिता के कदम से गांव में मचा हड़कंप

Related Articles

Back to top button