भगवान राम-कृष्ण पर कथित टिप्पणी से मचा विवाद, मौलाना मारूफ के खिलाफ FIR
बरेली के बहेड़ी में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मौलाना मारूफ रजा खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली के बहेड़ी में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर विवाद बढ़ गया है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर मौलाना मारूफ रजा खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर वायरल वीडियो और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो को लेकर थाने में दी गई तहरीर
मंगदपुर निवासी रजत पंडित ने बहेड़ी थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि मौलाना मारूफ रजा खान ने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया था। शिकायत के मुताबिक, वीडियो में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर ऐसी टिप्पणियां की गईं, जिन्हें धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला माना गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। शिकायतकर्ता ने संबंधित फेसबुक पेज की छायाप्रति समेत अन्य जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई है।
पहले 151 के तहत हो चुका था चालान
पुलिस के अनुसार, विवादित वीडियो सामने आने के बाद मौलाना मारूफ को गिरफ्तार कर 151 के तहत चालान किया गया था। अब शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की औपचारिक विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस वायरल वीडियो की सामग्री और उसके संदर्भ की जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि वीडियो को किन सोशल मीडिया अकाउंट से साझा या प्रसारित किया गया।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस वीडियो और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है। जांच में वीडियो की वास्तविकता, उसमें कही गई बातों का संदर्भ और उसके प्रसार से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में शुरू हुई लाइसेंस की ऑनलाइन प्रक्रिया, बिना लाइसेंस नहीं कर सकेंगे यह काम


