शिक्षक MLC चुनाव की मतगणना शुरू, हरि सिंह ढिल्लो और दानिश अख्तर में मुख्य मुकाबला
Bareilly MLC Election: बरेली में शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। भाजपा के हरि सिंह ढिल्लो और सपा के दानिश अख्तर समेत 17 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में मंगलवार को सियासी तस्वीर साफ होने की घड़ी आ गई है। बरेली के संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में सुबह से मतगणना शुरू हो गई है। इस चुनाव में भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और सपा के हाजी दानिश अख्तर के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। कुल 17 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद है, जिसका फैसला मतगणना पूरी होने के बाद होगा।
आठ टेबलों पर गिने जा रहे वोट
मतगणना केंद्र पर आठ टेबल और एक रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) टेबल बनाई गई है। प्रशासन के अनुसार, स्ट्रांग रूम सुबह सात बजे प्रत्याशियों और उनके अधिकृत एजेंटों की मौजूदगी में खोला गया। मतगणना के लिए पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। पूरे परिसर और मतगणना हॉल पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है।
नौ जिलों के 105 बूथों पर हुआ था मतदान
बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों में 23 अक्टूबर को 105 बूथों पर मतदान कराया गया था। चुनाव में 46 हजार से अधिक पंजीकृत मतदाताओं में से 35,146 मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान प्रतिशत 73.69 रहा था। सभी मतपेटियों को मतदान के बाद कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में रखा गया था।
17 प्रत्याशी मैदान में, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भाजपा और सपा के प्रत्याशियों के अलावा 15 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। मतगणना की निगरानी के लिए प्रत्येक टेबल पर माइक्रो ऑब्जर्वर, सुपरवाइजर और दो सहायक कर्मचारी तैनात हैं। मतगणना की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। केंद्र में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध है। अधिकृत पहचानपत्र के बिना प्रवेश नहीं मिलेगा। मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी परिणाम घोषित करेंगे।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: बांदा में अमरोन बैटरी के गोदाम में भीषण आग, 8 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा



