सेवा पखवाड़ा को लेकर भाजपा की बड़ी तैयारी, इतने सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम
स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन की पहचान है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सर्किट हाउस में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिचयात्मक बैठक हुई।
प्रदेश के वरिष्ठ नेता स्वतंत्र देव सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर मंथन किया गया। बैठक का मुख्य केंद्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से प्रस्तावित सेवा पखवाड़ा रहा। पदाधिकारियों ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की रणनीति तैयार की।
बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, पौधारोपण, जरूरतमंदों को सहायता सामग्री का वितरण, जल संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।
प्रत्येक कार्यक्रम की होगी माइक्रो प्लानिंग
बैठक में सेवा पखवाड़ा के प्रत्येक कार्यक्रम की माइक्रो प्लानिंग पर जोर दिया गया। मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और कार्यक्रमों की नियमित निगरानी की रणनीति बनाई गई। स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन की पहचान है। इसी भावना के साथ कार्यकर्ताओं को जनता के बीच पहुंचकर सेवा और समर्पण का संदेश देना है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने और पुराने कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने की रणनीति पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत करना आवश्यक है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से क्षेत्र में सक्रिय रहने और आमजन से सीधा संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
मेयर समेत पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गोरखपुर के मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने भी बैठक में सहभागिता की और सेवा पखवाड़ा के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने सेवा पखवाड़ा को प्रभावी और ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाने के साथ संगठन को भी और मजबूत किया जाएगा।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर



