बदायूं में शराब पार्टी के दौरान खूनी संघर्ष, मामा की गोली से भांजे की मौत, महिला गंभीर घायल
बदायूं के कादरचौक में शराब पार्टी के दौरान मामा-भांजे के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गोली लगने से भांजे की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई। आरोपी की तलाश जारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: कादरचौक थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। पुलिस के मुताबिक, शराब पीते समय मामा और भांजे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद गोली चल गई। गोली लगने से भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
विवाद के बाद चली गोली, आरोपी फरार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच कहासुनी अचानक बढ़ गई और देखते ही देखते फायरिंग हो गई। गोली लगने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला की हालत गंभीर, सैफई रेफर
गोलीबारी के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची महिला भी गोली की चपेट में आ गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट- संतुलित पाठक, बदायूं
यह भी पढ़ें: सीतापुर: शव रखकर धरने पर बैठे सांसद, एफआईआर तक अंतिम संस्कार से इनकार



