चुनाव से पहले चिल्लूपार में बसपा का शक्ति प्रदर्शन, किसके नाम पर लगाया दांव?

गोरखपुर के चिल्लूपार में बसपा ने चुनावी अभियान का आगाज किया। अतरौरा की रैली में अस्मिता चंद को प्रभारी-सह-प्रत्याशी घोषित किया गया। कार्यकर्ताओं ने जीत के लिए जुटने का संकल्प लिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: चिल्लूपार की सियासत में चुनावी हलचल तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने सोमवार को अतरौरा खेल मैदान में बड़ी सभा के जरिए अपने चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज किया। पार्टी ने पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अस्मिता चंद को चिल्लूपार से प्रभारी-सह-प्रत्याशी घोषित करते हुए कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में जुटने का संदेश दिया।

बड़ी सभा में हुआ प्रत्याशी का ऐलान

गोरखपुर, आजमगढ़ और बस्ती मंडल के मुख्य मंडल जोन प्रभारी डॉ. मदन राम ने सभा में अस्मिता चंद के नाम की घोषणा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने की अपील की। अपने संबोधन में उन्होंने बसपा की सामाजिक बराबरी और भाईचारे की राजनीति का उल्लेख करते हुए सपा और भाजपा पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे भी सभा में उठाए गए। डॉ. मदन राम ने कहा कि पार्टी किसी व्यक्ति या धर्म के खिलाफ नहीं है और समतामूलक समाज की स्थापना के लिए काम करती है।

‘बुलडोजर के सामने भी नहीं झुकेगी जनता’

विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर इंदु चौधरी ने क्षत्रिय समाज से बसपा के समर्थन में एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि गोरखपुर की जनता अंग्रेजों के सामने नहीं झुकी और बुलडोजर के सामने भी नहीं झुकेगी। उन्होंने मायावती को फिर मुख्यमंत्री बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

अस्मिता चंद बोलीं- सीट जीतकर बहनजी की झोली में डालूंगी

प्रभारी-सह-प्रत्याशी घोषित होने के बाद अस्मिता चंद ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे कायम रखने के लिए पूरी मेहनत करेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान में जुटने की अपील करते हुए चिल्लूपार सीट जीतकर मायावती को सौंपने का संकल्प जताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हरि प्रकाश निषाद ने की। संचालन डॉ. राणा सत्यप्रकाश सिंह और परमेश्वर उर्फ छोटू सहारा ने किया। सभा में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अस्मिता चंद की घोषणा के साथ ही चिल्लूपार में बसपा की चुनावी गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं।

रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: गोरखपुर के इस बड़े प्रोजेक्ट पर मंडलायुक्त नाराज, धीमे काम पर लगाई फटकार

Related Articles

Back to top button