उन्नाव में फिर गरजा बुलडोजर! साधू हत्याकांड से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई
उन्नाव के बांगरमऊ में साधू हत्याकांड से जुड़े मामले में प्रशासन ने कथित अवैध कब्जे पर बुलडोजर कार्रवाई की। नगर पालिका और पुलिस की मौजूदगी में जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में चर्चित साधू हत्याकांड से जुड़े मामले में प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने बांगरमऊ-बिल्हौर बाईपास क्षेत्र में पहुंचकर सभासद अतीक से जुड़ी बताई जा रही जमीन पर बुलडोजर कार्रवाई की। प्रशासन का दावा है कि संबंधित भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे हटाने के लिए यह कदम उठाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। बुलडोजर की कार्रवाई को देखने के लिए आसपास बड़ी संख्या में लोग भी जुटे रहे।
तीन बिस्वा जमीन पर चला बुलडोजर
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सभासद अतीक से जुड़ी लगभग तीन बिस्वा जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आई थीं। जांच और राजस्व अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई करते हुए नगर पालिका बांगरमऊ की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कब्जा हटाने की प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि या अन्य सरकारी संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
साधू मिलन दास हत्याकांड से जुड़ रहा मामला
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि साधू मिलन दास की हत्या जिस परिसर में हुई थी, वह सभासद अतीक के हाते से जुड़ा हुआ बताया जाता है। इसी वजह से यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। हालांकि हत्या प्रकरण की जांच और उससे जुड़े कानूनी पहलुओं पर पुलिस की कार्रवाई अलग से जारी है।
पहले भी हो चुकी है बुलडोजर कार्रवाई
यह पहला मौका नहीं है जब सभासद अतीक से जुड़े परिसरों पर प्रशासनिक कार्रवाई की गई हो। इससे पहले भी संबंधित हाते पर बुलडोजर चलाया जा चुका है। लगातार हो रही कार्रवाई को प्रशासन कानून व्यवस्था और अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान का हिस्सा बता रहा है।
प्रशासन का सख्त संदेश
बांगरमऊ-बिल्हौर बाईपास क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्त नीति के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल साधू हत्याकांड और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। वहीं प्रशासनिक कार्रवाई के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
रिपोर्ट – रंजन बाजपाई
यह भी पढ़ें: मोहर्रम से पहले खैराबाद में क्यों उतरे डीएम-एसपी? देर रात रूट मार्च की बड़ी वजह आई सामने



