नीदरलैंड से मैच में बुमराह को मिल सकता है आराम

- आज के मुकाबले में अभिषेक के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अहमदाबाद। लगातार तीन मैच जीतकर ग्रूप ए में शीर्ष पर मौजूद भारतीय टीम का सामना आज नीदरलैंड से होगा। भारत पहले ही सुपर आठ में जगह बना चुका है, इसलिए उसके पास अगले दौर से पहले अपनी कमियों में सुधार लाने का यह अच्छा अवसर होगा। ऐसे में टीम फिर से दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है। अभिषेक शर्मा ने पिछले 18 महीने में खुद को इस प्रारूप का खतरनाक खिलाड़ी साबित किया है लेकिन घरेलू मैदान पर खेली जा रही आईसीसी प्रतियोगिता में वह अभी तक अपना जलवा नहीं दिखा पाए हैं।
अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में शून्य पर आउट हुए, नामीबिया के खिलाफ दूसरे मैच में नहीं खेले थे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में वापसी की लेकिन खाता खोलने में नाकाम रहे। दूसरे छोर पर ईशान किशन की शानदार फॉर्म के कारण अभिषेक के बल्ले से रनों की कमी का टीम की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ा है। लेकिन जिस तरह ईशान ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया, उसे देखते हुए उनसे एक बार फिर बड़ी पारी देखने की उम्मीद होगी। गेंदबाजी के मोर्चे पर भारत के पास सुपर आठ से पहले कुछ गेंदबाजों को आराम देने का विकल्प है, कोलंबो में अतिरिक्त स्पिन विकल्प के रूप में अर्शदीप सिंह के स्थान पर कुलदीप यादव को चुनने के बाद उम्मीद है कि भारत फिर से दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के संयोजन पर वापस लौटेगा। अगर बुमराह को आराम दिया जाता है तो मोहम्मद सिराज और अर्शदीप के अंतिम एकादश में शामिल होने की संभावना है। वहीं, स्पिन विभाग की जिम्मेदारी वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल संभाल सकते हैं और कुलदीप को बाहर बैठना पड़ सकता है।
जिम्बाब्वे सुपर आठ में, ऑस्ट्रेलिया बाहर
पल्लेकल। जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच टी20 विश्व कप में ग्रूप बी का मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया है। इसके साथ ही दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले हैं। इसका फायदा जिम्बाब्वे को हुआ है और वह सुपर आठ चरण में पहुंच गई है। वहीं, 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रूप चरण में ही थम गया है और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। बारिश के कारण जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच में टॉस भी नहीं हो सका और अंतत: मैच रद्द करने का फैसला लिया गया। ग्रूप बी से श्रीलंका की टीम सुपर आठ चरण में पहुंच चुकी है और जिम्बाब्वे इस ग्रूप से अगले दौर में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। जिम्बाब्वे ने लगातार दो मैच जीते और अब मैच रद्द होने से उसे एक अंक मिला जिससे उसके तीन मैचों में पांच अंक हो गए हैं और वह सुपर आठ में पहुंच गई है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया अगर आखिरी मैच जीत भी जाती तो उसके चार अंक ही रहेंगे, इसलिए कंगारू टीम का सफर ग्रूप चरण में ही थम गया है। इसके अलावा आयरलैंड और ओमान भी बाहर हो गई है।



