सड़क पर फैली मक्का ने ले ली 10वीं के छात्र की जान, घर लौटने से पहले हुआ दर्दनाक हादसा

बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में सड़क पर सुखाने के लिए फैलाई गई मक्का 10वीं के छात्र की मौत का कारण बन गई। बाइक फिसलने के बाद छात्र ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है और पुलिस जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बदायूं जिले के बिल्सी क्षेत्र से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। एक परिवार जो अपने बेटे के उज्ज्वल भविष्य के सपने देख रहा था, वह पलभर में मातम में बदल गया। सड़क पर सुखाने के लिए फैलाई गई मक्का के दानों ने एक 15 वर्षीय छात्र की जिंदगी छीन ली। बाइक फिसलने के बाद सड़क पर गिरे छात्र को पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में सड़कों पर फसलें सुखाने की खतरनाक परंपरा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कटिया भगवत निवासी मैकूलाल का 15 वर्षीय धेवता ईशु पिछले करीब एक महीने से अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहा था। ईशु कक्षा 10 का छात्र था और शनिवार को अपने नाना मैकूलाल के साथ बाइक से बिल्सी क्षेत्र के गांव कटिन्ना में आयोजित एक दावत में शामिल होने गया था। दावत से वापस लौटते समय जब उनकी बाइक हैबतपुर गांव के पास पहुंची, तभी सड़क पर सुखाने के लिए फैलाई गई मक्का के दानों पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते बाइक फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।

पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने कुचला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक से गिरते ही ईशु सड़क पर आ गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में वह आ गया। टक्कर इतनी भयावह थी कि छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम

ईशु की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। मां सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्चे के भविष्य को लेकर परिवार उम्मीदें लगाए बैठा था, उसकी अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों के अनुसार ईशु पढ़ाई में अच्छा था और परिवार की उम्मीदों का केंद्र था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

रिपोर्ट – संतुलित पाठक

यह भी पढ़ें: लखीमपुर में रात के अंधेरे में बड़ा हादसा! नहर में गिरी कार, 5 जिंदगी मौत से जंग लड़ रही हैं

Related Articles

Back to top button