अपनी पहली जीत दर्ज करने उतरेगी सीएसके

- श्रेयस की चोट ने बढ़ाई पंजाब की चिंता
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
चेन्नई। सीएसके एमए चिदंबरम स्टेडियम में आज पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के सामने होगी। इस मुकाबले के साथ सीएसके सीजन का अपना पहला मैच जीतने उतरेगी। चेन्नई सुपर किंग्स ने 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आठ विकेट से मुकाबला गंवाया था। सीएसके अब उस हार को भुलाकर नए सिरे से अपना अभियान शुरू करने की कोशिश करेगा। वहीं, पंजाब किंग्स ने 31 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ तीन विकेट से मैच अपने नाम किया था। सीएसके के स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी गुवाहाटी नहीं गए थे क्योंकि वह पिंडली की चोट से उबर रहे हैं।
उनका हालांकि पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में रहने की संभावना है जिससे कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को काफी फायदा मिलेगा। संजू सैमसन सीएसके के लिए अपने पहले मैच में खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे और वह इसकी भरपाई करने के लिए बेताब होंगे। सीएसके को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में डेवाल्ड ब्रेविस की सेवाएं नहीं मिल पाई थी और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह साइड स्ट्रेन से पूरी तरह उबर चुके हैं या नही। जहां तक पंजाब किंग्स का सवाल है तो उसने कुछ विषम परिस्थितियों से गुजरने के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत हासिल की। पंजाब के लिए चिंता की बात कप्तान श्रेयस अय्यर की चोट है जो उन्हें गुजरात के खिलाफ मैच में लगी थी। टीम प्रबंधन ने बताया था कि श्रेयस को फ्रैक्चर नहीं हुआ है, लेकिन उनके हाथ में सूजन है। लेकिन टीम को उम्मीद है कि श्रेयस इस मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। दोनों टीमों के बीच हाल के मुकाबलों में पंजाब किंग्स का पलड़ा भारी रहा है, जिसने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पिछले सात में से छह मैच जीते हैं। चेपॉक हालांकि, चेन्नई का गढ़ रहा है जिस कारण पंजाब के लिए ये मैच आसान नहीं रहने वाला है।
हैदराबाद जीत की पटरी पर लौटी, केकेआर को दी मात
नई दिल्ली। हेनरिक क्लासेन (52), अभिषेक शर्मा (48) और ट्रेविस हेड (46) की तूफानी पारियों के बाद घातक गेंदबाजी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने केकेआर को उनके घर में 65 रनों से हराकर सत्र की पहली जीत दर्ज कर ली। गुरुवार को ईडेन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 226 रन बनाए। जवाब में कोलकाता की टीम 16 ओवर में सिर्फ 161 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए अंगकृष रघुवंशी ने सर्वाधिक 52 रनों की पारी खेली। केकेआर 2012 के बाद पहली बार लगातार दो ओपनिंग मैच हारी है। हैदराबाद से पहले उसे मुंबई इंडियंस ने सत्र के शुरुआती मुकाबले में ही हराया था। वहीं, सनराइजर्स की 2020 के बाद कोलकाता के खिलाफ खेले 14 मुकाबलों में सिर्फ चौथी जीत है। वहीं, इडेन गार्डन्स पर खेले 12 आईपीएल मैचों में भी हैदराबाद की यह चौथी जीत है।



