सीतापुर में नीम के पेड़ के नीचे मिला अज्ञात युवक का शव, फॉरेंसिक जांच शुरू; पहचान में जुटी पुलिस

सीतापुर के तालगांव क्षेत्र में नीम के पेड़ के नीचे एक अज्ञात युवक का शव मिला है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : जिले के तालगांव थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

नीम के पेड़ के नीचे मिला शव, पेड़ पर लटका था टूटा दुपट्टा

पुलिस के अनुसार, खदानिया गांव में सुनील पुत्र श्रीराम के खेत की मेड़ पर स्थित एक नीम के पेड़ के नीचे युवक का शव पड़ा मिला। घटनास्थल पर पेड़ से एक टूटा हुआ दुपट्टा लटका मिला, जबकि शव पेड़ से करीब 12 फुट दूर जमीन पर पड़ा था। इस परिस्थिति को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

शिनाख्त के लिए जुटाए जा रहे सुराग

मृतक ने सफेद रंग की शर्ट, पैंट और सफेद बेल्ट पहन रखी थी, जबकि उसके पैरों में जूते या चप्पल नहीं थे। शर्ट के कॉलर पर ‘यू फैशन केसरीगंज’ अंकित मिला और दाहिने हाथ पर ‘कुंजवाती’ लिखा हुआ था। तलाशी के दौरान उसकी जेब से केवल एक माचिस बरामद हुई। कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर

यह भी पढ़ें: RENEET 2026 में गोरखपुर का जलवा! अतुल्य राज गुप्ता ने 628 अंक से मचाई धूम

Related Articles

Back to top button