कांवड़ यात्रा के प्रचार में मातम! हाईटेंशन लाइन से टकराया डीजे, दो युवकों की दर्दनाक मौत
सीतापुर के थानगांव क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के प्रचार के दौरान डीजे वाहन हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर जिले के थानगांव क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के प्रचार के दौरान सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजापुर गांव के पास प्रचार कर रहा डीजे वाहन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे पूरे वाहन में करंट दौड़ गया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डीजे वाहन की छत पर बैठे थे युवक, अचानक दौड़ गया करंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेद्दापुरवा निवासी गुड्डू यादव और धौरा निवासी संतोष यादव डीजे वाहन की छत पर बैठकर कांवड़ यात्रा का प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान वाहन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली का करंट पूरे वाहन में फैल गया, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, घायलों का चल रहा उपचार
घटना की सूचना मिलते ही थानगांव पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को रेउसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के दौरान बिजली की हाईटेंशन लाइनों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
रिपोर्ट- वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा 2026 से पहले बदायूं प्रशासन अलर्ट, कछला गंगा घाट पर सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा



