3 महीने के बच्चे के पेट से निकला भ्रूण! बरेली में डॉक्टरों ने किया मेडिकल चमत्कार
बरेली में 3 महीने के बच्चे के पेट से 8 सप्ताह का भ्रूण सफल सर्जरी के जरिए निकाला गया। डॉक्टरों के अनुसार यह 'फीटस इन फीटू' नामक बेहद दुर्लभ जन्मजात स्थिति का मामला है, फिलहाल बच्चा सुरक्षित है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बरेली में चिकित्सा विज्ञान का एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है। यहां 3 महीने के एक शिशु के पेट से करीब 8 सप्ताह का विकसित भ्रूण सफल ऑपरेशन के जरिए निकाला गया। डॉक्टरों के अनुसार, यह मामला “फीटस इन फीटू (Fetus in Fetu)” नामक अत्यंत दुर्लभ जन्मजात स्थिति का है, जो दुनिया में बहुत कम मामलों में देखने को मिलती है। समय पर जांच और सफल सर्जरी से बच्चे की जान बचा ली गई।
लगातार उल्टी के बाद अस्पताल पहुंचे परिजन
जानकारी के मुताबिक, शाहजहांपुर जिले के कलान निवासी किसान दुर्गेश और उनकी पत्नी राधा के तीन महीने के बेटे को जन्म के कुछ समय बाद से दूध पीने के बाद लगातार उल्टियां हो रही थीं। स्थानीय स्तर पर उपचार से राहत न मिलने पर परिजन उसे बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां विशेषज्ञों ने विस्तृत जांच शुरू की।
सीटी स्कैन में सामने आया दुर्लभ मामला
अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन के दौरान डॉक्टरों को बच्चे के लिवर के नीचे एक असामान्य संरचना दिखाई दी। शुरुआत में इसे टेराटोमा ट्यूमर माना गया, लेकिन पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. राजीव अग्रवाल और उनकी टीम ने गहन जांच के बाद ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
दो घंटे की सर्जरी से बची मासूम की जान
करीब दो घंटे तक चली जटिल सर्जरी में डॉक्टरों ने बच्चे के पेट से लगभग 8 सप्ताह का विकसित भ्रूण सफलतापूर्वक निकाल दिया। फिलहाल शिशु की हालत स्थिर है और उसे आईसीयू में निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि “फीटस इन फीटू” अत्यंत दुर्लभ जन्मजात स्थिति है और समय पर पहचान व उपचार से बच्चे की जान बचाई जा सकी।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: कानपुर देहात में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, डायल-112 की सूचना पर पहुंची PRV बनी निशाना



