ड्यूटी के दौरान शहीद हुए आरक्षी के परिवार को मिला ₹1 करोड़, SBI ने सौंपा बीमा चेक
लखीमपुर खीरी में एसबीआई ने पुलिस सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत दिवंगत आरक्षी रमेशचंद्र शुक्ला की पत्नी रेनू शुक्ला को ₹1 करोड़ का बीमा चेक सौंपा। एसपी ख्याति गर्ग ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले आरक्षी रमेशचंद्र शुक्ला के परिवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की पुलिस सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत बड़ी आर्थिक सहायता मिली है। एसबीआई ने उनकी पत्नी रेनू शुक्ला को ₹1 करोड़ का बीमा चेक प्रदान किया। यह सहायता कठिन समय में परिवार के लिए महत्वपूर्ण संबल मानी जा रही है।
सरकारी ड्यूटी के दौरान हुआ था हादसा
आरक्षी रमेशचंद्र शुक्ला थाना गोला में तैनात थे। 30 जून 2025 को सरकारी कार्य के दौरान सड़क दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 1 जुलाई 2025 को उनका निधन हो गया। इसके बाद पुलिस सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत उनके परिवार को बीमा राशि स्वीकृत की गई।
एसपी खीरी ने सौंपा एक करोड़ रुपये का चेक
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने श्रीमती रेनू शुक्ला को ₹1,00,00,000 का बीमा चेक सौंपते हुए दिवंगत आरक्षी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत मिलने वाली बीमा सुरक्षा कठिन परिस्थितियों में पुलिस कर्मियों के परिवारों को आर्थिक मजबूती प्रदान करती है।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज कुमार सिंह, मुख्य शाखा प्रबंधक सौरभ पाण्डेय सहित पुलिस और बैंक के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी योजनाएं पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करती हैं।
रिपोर्ट – प्रभाकर श्रीवास्तव, लखीमपुर खीरी
यह भी पढ़ें: गोरखपुर से नेपाल बॉर्डर तक नशीली दवाओं का जाल! आखिर कौन दे रहा सिंडिकेट को संरक्षण?



