Teacher MLC Election: 6 अक्टूबर से नामांकन, 7 को जांच और 9 तक नाम वापसी, जानें पूरा शेड्यूल

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को मतदान होगा। 6 अक्टूबर से नामांकन, 7 को जांच और 9 अक्टूबर तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में विधान परिषद चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है। रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से 29 सितंबर को जारी निर्वाचन सूचना के मुताबिक, चुनाव की स्थिति बनने पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। चुनावी प्रक्रिया को लेकर अब नामांकन और नाम वापसी की तारीखें भी तय हो गई हैं।

6 अक्टूबर से शुरू होगा नामांकन

निर्वाचन सूचना के अनुसार प्रत्याशी 6 अक्टूबर से नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। उम्मीदवार अपना नामांकन रिटर्निंग ऑफिसर या अपर आयुक्त (प्रशासन), गोरखपुर/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। नामांकन के लिए आयुक्त न्यायालय, मंडलायुक्त कार्यालय, गोरखपुर को स्थान निर्धारित किया गया है।

7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच

नामांकन दाखिल होने के अगले दिन यानी 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जांच की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसके बाद चुनाव मैदान से हटने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए नाम वापस लेने की समय-सीमा तय की गई है। उम्मीदवार 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी प्रत्याशिता वापस ले सकेंगे।

23 अक्टूबर को होगा मतदान

निर्वाचन सूचना के मुताबिक यदि चुनाव लड़ने की स्थिति बनती है तो 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। चुनाव कार्यक्रम निर्वाचन संचालन नियम, 1961 के तहत जारी किया गया है। अब नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: ध्रुव को BJP टिकट मिलते ही संजयन त्रिपाठी ने बजाया निर्दल बिगुल, गोरखपुर शिक्षक सीट पर नया ट्विस्ट

Related Articles

Back to top button