रक्षाबंधन से पहले गोरखपुर में बड़ा एक्शन, 600 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त
रक्षाबंधन से पहले गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया। 600 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त, 750 किलो खराब मिठाई नष्ट और एक खाद्य इकाई सील की गई।

रक्षाबंधन पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। गुरुवार को शहर और आसपास के इलाकों में चले विशेष अभियान में टीमों ने 600 किलो संदिग्ध मिठाई जब्त की। इसके अलावा 750 किलो खराब और दूषित मिठाइयों को मौके पर नष्ट कराया गया। चौरीचौरा में गंदगी मिलने पर एक खाद्य निर्माण इकाई को सील भी किया गया।
बस में केक के नाम पर जा रही थी संदिग्ध मिठाई
आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने सुबह से निजी बसों और अन्य वाहनों की जांच शुरू की। कुसम्ही की ओर जा रहे एक वाहन की तलाशी में केक के नाम पर ले जाई जा रही संदिग्ध मिठाई मिली।
संदेह के आधार पर टीम ने मिठाई का नमूना जांच के लिए लिया और करीब 600 किलो सामग्री जब्त कर ली। इसके साथ ही फ्रोजन मटर और सोनबरसा क्षेत्र से सोनापापड़ी के नमूने भी लिए गए हैं।
गंदगी मिली तो सील हुई खाद्य निर्माण इकाई
चौरीचौरा में निरीक्षण के दौरान एक खाद्य निर्माण इकाई में भारी गंदगी मिली। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही संचालक कथित तौर पर काम अधूरा छोड़कर प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने इकाई को तत्काल सील कर दिया।
दूसरी टीम ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलो खराब और अमानक मिठाइयां मौके पर नष्ट कराईं। श्री जी एंटरप्राइजेज से लड्डू, छेना और पेड़ा के तीन नमूने लिए गए। यहां करीब 250 किलो दूषित सामग्री नष्ट कराई गई।
त्योहार में मिलावट पर विभाग की सख्ती
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधीर राय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जांच और प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा।
जब्त किए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में रक्षाबंधन से पहले हुई यह कार्रवाई मिठाई कारोबारियों के लिए साफ संदेश है कि खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों की अनदेखी पर विभाग सख्त कदम उठा सकता है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: रात 2 बजे अचानक भरभराकर गिरी दीवार, सो रहा 13 साल का किशोर मलबे में दबा



